धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 अगस्त। सुबह हुई बारिश के बाद वातावरण में खिली धूप के साये में इस बार स्वतंत्रता दिवस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विगत कई वर्षों से बंद परम्परा को फिर से पुनर्जीवित कर नगर की प्रथम नागरिक ज्योति भानु चन्द्राकर ने खेल मैदान में शान से राष्ट्र ध्वज फहरा कर तिरंगे को सलामी दी। इसके पूर्व नपं कार्यालय में उन्होंने तिरंगा लहराया। उनके सहयोगी पार्षदों ने अपने वार्ड और संघ संगठन के पदाधिकारियों ने अपने संस्थान में झंडा फहराकर देश की अजमत को सलाम किया।
15 अगस्त को कुरुद नगर पंचायत में अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने जनपद पंचायत में अध्यक्ष गितेश्वरी साहू ने ध्वजारोहण किया। पीजी कॉलेज में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष टिकेश साहू, कांग्रेस भवन में अध्यक्ष आशीष शर्मा एवं भाजपा कार्यालय में मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू ने तिरंगा फहराया। शासकीय एवं निजी संस्थानों में विभाग प्रमुखों ने झंडा फहराकर तिरंगे को सलामी दी। नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में संबंधित पार्षदों एवं गणमान्य जनों ने तिरंगा फहराया।
ज्ञात हो कि यहां राष्ट्रीय पर्व पर स्थानीय खेल मेला मैदान में भव्य आयोजन की दसकों पुरानी परंपरा रही है, जिसमें पक्ष विपक्ष के नेता कार्यकर्ता एवं देशप्रेमी नागरिक एक साथ मिलकर राष्ट्रध्वज को सलामी देते थे। लेकिन पिछले कुछ सालों से यह परम्परा बंद कर दी गई थी। जिसे इस बार नगर परिषद ने फिर से शुरू कर नागरिकों को सामुहिक उत्सव में शामिल होने का मौका दिया। जिसके तहत इस वर्ष मुख्य ध्वजारोहण समारोह लाल बहादुर शास्त्री खेल मैदान में हुआ। जिसमें मुख्य अतिथी नपंध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भगत सिंह जैसे सैकड़ों अमर बलिदानियों ने अपने प्राणों की आहूति देकर हमें आजादी दिलाई है, यह हमें कभी नहीं भूलना चाहिए। हमें अपनी मानसिक कुंठाओं और संकीर्णताओं को दूर कर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना होगा। उन्होंने बताया कि 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन हमने शपथ ली, और उसी दिन से हमारी परिषद ने कामकाज की शुरुआत की। सबसे पहला कदम था नशामुक्ति के लिए महिला कमांडो दस्ता बनाना। हमारी मातृशक्ति ने साहस और जिम्मेदारी के साथ यह जिम्मेदारी उठा रहीं हैं।
मैं उन सभी महिला कमांडो बहनों का विशेष अभिनंदन करती हूँ। नगर विकास सहित विभिन्न समाजिक और धार्मिक सेवाओं के माध्यम से हमने पिछले 5 महिने में हर वर्गों के लिए जो काम किया है वो कुरूद वासियों के लिए उपलब्धि भरा रहा है। इसके पूर्व नपंध्यक्ष ने नगर पंचायत को सलामी दी। इस मौके पर उन्होंने आज़ादी के 79वाँ स्वतंत्रता पर्व की बधाई देते हुए सभी नागरिकों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, सीएमओ महेन्द्र गुप्ता जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


