धमतरी

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों का धरना-प्रदर्शन
08-Jul-2025 7:20 PM
किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों का धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नगरी, 8 जुलाई। किसानों को खाद-बीज की अनुपलब्धता, बढ़ती महंगाई और प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुकरेल द्वारा एक दिवसीय वृहद धरना एवं प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। उन्होंने एकजुट होकर किसान हित में आवाज बुलंद की।

इस अवसर पर सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

 विधायक अंबिका मरकाम ने धरना स्थल पर किसानों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया। कि कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर किसानों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर संघर्षरत है। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की भाजपा सरकार की कुनीतियों के कारण किसान गंभीर संकट में हैं । न तो उन्हें समय पर खाद-बीज मिल रहा है। और न ही फसल का वाजिब मूल्य। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। और उनकी आवाज को विधानसभा से लेकर सडक़ तक हर मंच पर बुलंद करती रहेगी।

विधायक अंबिका मरकाम ने किसानों से अपील की है कि वे संगठित रहें और अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखें। उन्होंने धरना स्थल पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी तरह की एकजुटता से ही सरकार पर दबाव बनाकर किसानों की मांगों को पूरा कराया जा सकता है।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रभारी एवं पूर्व आयोग अध्यक्ष मोहन लालवानी ने भी कहा कि किसानों की उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को शीघ्र खाद-बीज उपलब्ध नहीं कराया गया।  और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

धरना-प्रदर्शन का सफल नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुकरेल के अध्यक्ष अखिलेश दुबे द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसान इस देश की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं की अनदेखी कर सरकार विकास का दावा नहीं कर सकती।

कार्यक्रम में विशेष रूप से नीलम चंद्राकर (जिला पंचायत सदस्य एवं प्रभारी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी), वरिष्ठ कांग्रेसी रोहित मानिकपुरी, संतोषी साहू, चंद्रकिरण नेताम, छबि सिन्हा, कमलेश मिश्रा, करण चंद्राकर, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेसजन शामिल हुए।

धरना स्थल आदिम जाति सहकारिता भवन, कुकरेल के समक्ष आयोजित इस प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेश सरकार की कुशासन नीति, किसानों को हो रही लगातार समस्याओं और बढ़ती महंगाई के विरुद्ध जोरदार विरोध जताया गया। कार्यक्रम के अंत में किसानों की मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया।


अन्य पोस्ट