धमतरी

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष को सुनने कुरुद से गए सैकड़ों
07-Jul-2025 7:11 PM
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष को सुनने कुरुद से गए सैकड़ों

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 7 जुलाई। भाजपा सरकार पर किसान जवान संविधान विरोधी गलत नीतियां अपनाने का आरोप लगा कांग्रेस ने प्रदेश भर से भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी अपने नेताओं को सौपी है। जिसके तहत कुरुद विधानसभा से भी हजारों लोगों को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा में रायपुर रवाना किया गया है।

 ज्ञात हो कि 7 जुलाई को साइंस कॉलेज ग्राउंड रायपुर में कांग्रेस ने किसान जवान संविधान जनसभा का आयोजन किया है। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित वरिष्ठ पार्टी नेता शामिल होंगे। इसके लिए भीड़ जुटाने का काम क्षेत्रीय नेताओं को सौंपा गया है। कुरुद विधानसभा चुनाव लड़ चुकी प्रदेश कांग्रेस सचिव तारणी चन्द्राकर ने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर विफल हो रही है। किसानों को खाद, बेरोजगारों को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और गरीबों को महंगाई से छुटकारा नहीं मिल रहा है। ऐसे में कांग्रेस चुप नहीं बैठ सकती इसीलिए हमारे राष्ट्रीय नेता प्रदेश वासियों को देश की दशा बताने यहाँ आये हैं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि कुरुद से करीब 700 लोगों को विभिन्न वाहनों से रायपुर रवाना किया गया है। इसी तरह भखारा मगरलोड ब्लॉक से भी हजारों लोग राजधानी गयें है।

जिला पंचायत सदस्य नीलम चन्द्राकर ने कहा कि प्रदेश भाजपा की सरकार से कुछ नहीं सम्हल रहा है, कानून व्यवस्था बेलगाम, भ्रष्टाचार चरम पर, किसानों की हालत खराब, शिक्षा व्यवस्था चौपट हो रही है।

इन्ही सब मुद्दों को लेकर हमारे नेता जनता को जगाने रायपुर आ रहें हैं। इस मौके पर तपन चन्द्राकर, राजकुमारी दीवान, रमेशर साहू, लीली श्रीवास, महिम शुक्ला, उत्तम साहू, चुम्मन दीवान, जानसिंग यादव आदि कांग्रेसी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट