धमतरी

कुरुद में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास
21-Jun-2025 3:13 PM
कुरुद में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर नगर प्रशासन की ओर से मंगल भवन में सामुहिक योग का आयोजन किया गया। आरएसएस से जुड़े लोगों ने खेल मैदान में योगासन लगाया। आयुष एवं शिक्षा विभाग ने भी अपने निर्धारित स्थानों पर योग कराया। अधिवक्ता संघ ने तो अदालत परिसर में ही योगाभ्यास कर दिखाया। लेकिन कांग्रेस ने इस आयोजन से खुद को अलग रखा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नगर पंचायत कुरुद द्वारा अजय मंगल भवन में सामुहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। जिसमें नेता अधिकारी एंव योगीप्रेमी जनता की सहभागिता रही। खास बात यह रही कि महिला प्रतिभागियों ने भी पूरे उत्साह से इसमें भाग लिया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने कहा कि योग का मतलब ही जोडऩा होता है, यह धर्म सम्प्रदाय से उपर एक तरह का विज्ञान है, पीएम मोदी ने इसे विश्व पटल में स्थापित करने का काम किया है।

 

खेल मैदान में आरएसएस से जुड़े प्रशिक्षक जितेन्द्र चन्द्राकर ने निरंजन सिन्हा, मालकराम साहू, सुरेश अग्रवाल, कुलेश्वर चंद्राकर, लोकेश्वर सिन्हा, धनेश्वर निर्मलकर, शशांक कृदत, डुगेश साहू,आदि को योगाभ्यास कराया। आयुष विभाग के चिकित्सा अधिकारी डाक्टर प्रवीण चन्द्राकर ने बताया कि चयनित केन्द्रों में पांच दिन पूर्व ही योग शिविर लगाया गया। 21जून को कुरुद ब्लॉक के 55 संस्थान में 15 सौ प्रतिभागियों को योग करा पोर्टल में दर्ज किया गया। साथ ही सभी को अंकुरित अनाज और काढ़ा वितरित किया गया।

अधिवक्ता संघ अध्यक्ष रमेश पाण्डेय ने व्यवहार न्यायालय में अपने सहयोगियों संग योग साधना की। कुरुद विकासखंड प्रभारी शिक्षाधिकारी सीके साहू ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार क्षेत्र की 184 शासकीय प्राथमिक शाला,122 माध्यमिक एवं 52 हाई, हायर सेकेण्डरी एवं 61 निजी स्कूलों में सामुहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। जहां प्रशिक्षित योग गुरुओं ने शिक्षक एवं विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया। प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस इस बार भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से खुद को नहीं जोड़ पाई। तन को स्वस्थ और मन को प्रसन्न रखने वाले योग से जुडऩे के लिए संगठन का कोई प्रयास नजऱ नहीं आया। लेकिन कुछ योगप्रेमी कांग्रेसियों ने दूसरे मंचों के सहारे योगाभ्यास का हिस्सा बने।


अन्य पोस्ट