धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 3 जून। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चीब के बुलावे पर दिल्ली पहुंची युकां प्रदेश प्रवक्ता एवं कुरुद जनपद सदस्य लिली श्रीवास ने देश के नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस लीडर राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने दस राज्यों से आई महिला जनप्रतिनिधियों के साथ श्री गांधी को पहलगाम की घटना के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हालात की जानकारी दी।
नई दिल्ली के इंदिरा भवन में आयोजित इंदिरा फैलो शक्ति अभियान में असम, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान आदि राज्य से एक एक महिला जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। जिसमें छत्तीसगढ़ से लिली श्रीवास को आमंत्रित किया गया था। पार्टी द्वारा आने जाने की प्लेन टिकट एवं रहने का इंतजाम किया गया था। मुलाकात में राहुल गांधी ने महिला आरक्षण एवं धर्म आधारित राजनीति के प्रभाव के संबंध में पूछा तो लिली ने बताया कि कांग्रेस इंदिरा गांधी के दौर में महिला आरक्षण के पक्ष में थी, राजीव गांधी ने पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को आरक्षण देने का काम किया।
नेता प्रतिपक्ष ने पहलगाम आतंकी हमले और धर्म की राजनीति के बारे में भी महिलाओं से बातचीत की। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णअला अर्जुन एवं अन्य नेताओं ने देश भर से आई महिला जनप्रतिनिधियों को इंदिरा फैलो शक्ति अभियान के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि दस सदस्यी क्लब का गठन कर महिलाओं को हक और हिस्सेदारी के लिए संघर्ष करने के लिए प्रेरित करने के बारे में बताया गया। इसका विस्तार शहर, नगर एवं गाँव में कर महिलाओं को एकजूट करने का तरीका बताया गया। राहुल गाँधी एवं वरिष्ठ पार्टी नेताओं से मिल उत्साहित सुश्री श्रीवास ने कहा कि भाजपा की हकीकत लोगों के सामने आ रही है, जल्द ही देश और प्रदेश में कांग्रेस की शानदार वापसी होगी। इसके लिए कांग्रेस में व्यापक स्तर पर बदलाव ओर तैयारी की जा रही है।