धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 14 मई। धमतरी में एक ज्वेलर्स दुकान संचालक और उसकी बेटी पर जानलेवा हमला हुआ। अज्ञात 2 नकाबपोश हमलावर दुकान में घुसकर पहले पिता के सिर पर रिवाल्वर की बट से मारा। फिर बेटी पर फायरिंग की और दोनों आरोपी फरार हो गए। पिता और बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस को रात करीब 8.40 बजे के आसपास सूचना मिली कि पावर हाउस के सामने फायरिंग हुई है। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पता चला कि 2 अज्ञात नकाबपोश लडक़ों ने एंट्री की थी। शुरुआती जांच में फायरिंग एयरगन से होने की आशंका है। हमले में पिता भंवरलाल बरडिय़ा और बेटी नैना बरडिय़ा खून से लथपथ हो गए। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वारदात के बाद नकाबपोश बदमाश भाग निकले। पुलिस आरोपियों को पकडऩे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
अज्ञात नकाबपोशों को ढूंढ रही पुलिस
नकाबपोश दो बदमाशों ने शहर में फायरिंग कर दहशत फैला दी। वारदात से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। घटना पुराना नेशनल हाईवे किनारे एक घर में हुई। गोली चलने से सडक़ पर अफरा-तफरी मच गई। जाम की स्थिति बन गई। घटना की खबर मिलते ही बठेना अस्पताल और घटनास्थल के बाहर भीड़ जुट गई।
सराफा, कपड़ा और अन्य कारोबार से जुड़े व्यापारी मौके पर पहुंचे। आम लोग भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए। वारदात से व्यापारियों में आक्रोश है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। देर-रात पुलिस ने करीब 15 जगह नाकेबंदी की, लेकिन आरोपी नहीं पकड़े गए। पुलिस दिनभर अज्ञात आरोपियों को ढूंढने मशक्कत करती रही।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि 2 बदमाशों ने व्यापारी के सिर पर बंदूक की बट से वार किया। व्यापारी की बेटी नैना के पैर में गोली का छर्रा लगा। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी की। पकडऩे के लिए हरसंभव प्रयास जारी हैं।


