धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 12 मई। मगरलोड के पठार घाटी में रविवार देर-शाम को एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए। तीन की हालत गंभीर है। सभी घायलों को मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। सभी ग्रामीण शादी कार्यक्रम से वापस गांव लौट रहे थे। तभी रास्ते में पठार घाटी में यह हादसा हुआ।
मगरलोड टीआई अरुण साहू ने बताया, सिंगपुर से कुछ लोग पिकअप में सवार होकर कोरगांव शादी कार्यक्रम में गए थे। लौटते समय पिकअप क्रमांक सीजी 04 एलपी-0962 पठार घाटी में पलट गई। हादसे में सुखली कमार (42) और रतनीबाई कमार (45) की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप में करीब 17 लोग सवार थे। राहगीरों की मदद से घायलों को मगरलोड के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। 3 को गंभीर चोटें आई हैं। चालक शराब के नशे में था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मृतकों में महिला सुकली बाई और रत्निबाई कमार शामिल है। हादसे में कुछ गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया है। घटना में पिकअप के ऊपर का हिस्सा चपट गया और सामने का कांच भी फूट गया। लोगों के सामान भी सडक़ पर बिखरे गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मगरलोड पुलिस पिकअप जब्त कर सडक़ दुर्घटना की जांच में जुट गई है।
10 दिन में 1512 गाडिय़ों पर कार्रवाई
पिछले 10 दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1512 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने पर 25, प्रेशर हॉर्न पर 36, नो पार्किंग में खड़े होने पर 22, बिना हेलमेट 56, बिना सीट बेल्ट 134, तीन सवारी 128, मॉडिफाइड साइलेंसर 5, मोबाइल फोन का उपयोग करते 3 और ओवर स्पीड पर 16 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। जिले के सभी जिले के सभी थानों और चौकियों ने 1089 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर लोक अदालत में इस्तगाशा पेश किया है।
वाहन की टक्कर से युवक की मौत
बड़ी करेली से भेंडरी मार्ग में स्थित नाला के पास एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। 11 मई को सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मगरलोड पुलिस के अनुसार मृतक नारायण साहू 40 वर्ष का था। वह बड़ी करेली गांव का रहने वाला था। उसके पिता का नाम स्वर्गीय रामलाल था। नारायण मानसिक रूप से कमजोर था। उसके परिवार में मां और छोटा भाई हैं। दोनों भी मानसिक रूप से कमजोर हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।


