धमतरी

परेड में 26 को बेहतर प्रदर्शन पर मिला ईनाम, दो को मिली सजा
10-May-2025 4:14 PM
परेड में 26 को बेहतर प्रदर्शन पर मिला ईनाम, दो को मिली सजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 मई।
जिले में साप्ताहिक परेड को अब प्रशिक्षण से जोड़ा गया है। हर शुक्रवार नई गतिविधियां कराई जा रही हैं। शुक्रवार को जनरल परेड की पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने सलामी ली।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की टर्नआउट की जांच की। बेहतर प्रदर्शन करने वाले २६ कर्मचारियों को ईनाम दिया गया। दो को सजा दी गई। परेड के बाद अर्डली रूम में ओआर ली गई। दो आरक्षकों की गलती पर जवाब संतोषजनक नहीं मिला। दोनों को निंदा की सजा दी गई। वाहन शाखा में वाहनों की जांच हुई।

 

सायरन, लाइट और पीए सिस्टम की चेकिंग की गई। इसके बाद २० आरक्षक चालकों के बीच स्टेपनी चेंज प्रतियोगिता कराई गई।

तय समय में टायर बदलने वाले सात आरक्षक चालकों गोपाल कड़हारे, नरेंद्र साहू, संतोष दुबे, चम्पेश्वर सोनी, अखिलेश पासवान, चेतन कंवर और रवेंद्र मरकाम को १००-१०० रुपए का नगद इनाम दिया गया। आरक्षक चालक संतोष साहू को उत्साहवर्धन के लिए प्रशंसा दी गई। दो चालकों को निंदा की सजा दी गई। समय पर टायर नहीं बदलने वालों को अगली बार पूरी तैयारी के साथ आने के निर्देश दिए गए।
 पिछले शुक्रवार की परेड में होम गार्ड अग्निशमन विभाग ने आग की पहचान और उससे निपटने का डेमो दिया था। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया था। जनरल परेड में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, पुलिस लाइन और अन्य कार्यालयों का स्टाफ मौजूद रहा।


अन्य पोस्ट