धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 मई। जगतरा के पास सडक़ हादसे में लालबगीचा के कांग्रेस नेता व डेयरी व्यवसायी राममूर्ति ग्वाल की मौत हो गई। उनका साथी देवानंद साहू घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा मंगलवार शाम करीब 6.30 बजे हुआ।
पुरूर टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया, राममूर्ति ग्वाल (60) डेयरी व्यवसायी भी थे। वह अपने साथी देवानंद साहू (58) के साथ गाय देखने बाइक से लखनपुरी (चारामा) गए थे। दोनों शाम 4 बजे घर से निकले थे। लौटते समय टोल प्लाजा पार करने के बाद करीब 200 मीटर दूर जगतरा के पास पहुंचे। वहां सडक़ पर ट्रकें कतार में खड़ी थीं। उनकी बाइक एक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे राममूर्ति ग्वाल को गंभीर चोटें आईं।
टोल प्लाजा के वाहन से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद राममूर्ति को मृत घोषित कर दिया। देवानंद साहू को सिर, पीठ और कंधे में चोटें आई हैं। उसका इलाज जारी है।