धमतरी

रेत का अवैध कारोबार, खनिज विभाग ने वसूला डेढ़ करोड़ का जुर्माना
28-Mar-2025 2:08 PM
रेत का अवैध कारोबार, खनिज विभाग ने वसूला डेढ़ करोड़ का जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 धमतरी, 28 मार्च। जिले में चालू वित्तीय वर्ष में रेत के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण के प्रकरणों में जिले के खनिज अमले ने 1 करोड़ 47 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला है।

 जिले में रेत के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज अमले द्वारा सतत् अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इस महीने लगभग 30 प्रकरण दर्ज कर साढ़े 5 लाख का जुर्माना वसूला है।

 

जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि इस महीने रेत के अवैध उत्खनन के 2 प्रकरण दर्ज कर 2 लाख 80 हजार का अर्थदंड वसूला है। इस महीने रेत के अवैध परिवहन के 28 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 14 प्रकरणों को निराकृत कर 3 लाख 27 हजार से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। खनिज अधिकारी ने बताया कि बाकी 14 प्रकरण भी छत्तीसगढ़ खान एवं खनिज अधिनियम तथा गौण खनिज अधिनियम के तहत निराकृत कर अर्थदंड वसूलने की कार्रवाई की जा रही है।जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष में अवैध रेत उत्खनन के 33 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 36 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। अवैध रेत परिवहन के 294 प्रकरण जिले में दर्ज किए गए हैं। रेत परिवहन के इन प्रकरणों में 1 करोड़ 3 लाख से अधिक की राशि जुर्माने के रूप में जमा कराई गई है। रेत के अवैध भंडारण के 9 प्रकरण इस वित्तीय वर्ष में जिले में दर्ज हुए हैं। अवैध भंडारण के इन प्रकरणों में भंडारणकर्ताओं पर साढ़े 8 लाख से अधिक का जुर्माना वसूल कर शासकीय मद में जमा कराया गया है।


अन्य पोस्ट