धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 23 मार्च। शहर में श्रीराम नवमीं महोत्सव की तैयारी जोरों पर है। आगामी 6 अप्रैल को विभिन्न नयनाभिराम झाकियों के साथ प्रभु श्रीराम का शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके एक दिन पहले 5 अप्रैल को युवाओं की बाइक रैली निकलेगी। धमतरी शहर में साल-2008 से श्रीराम नवमीं पर भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। यह आयोजन को 17 साल हो चुके हमै।
22 मार्च की रात 8 बजे बनियापारा स्थित एक निजी परिसर में श्रीराम नवमी आयोजन समिति की बैठक हुई। जिसमें शहर के सभी 40 वार्डों से कार्यकर्ता व सर्व हिन्दू समाज के लोग शामिल हुए, जिनके बीच कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। रामनवमी पर नयनाभिराम झांकियों के साथ शोभायात्रा निकालने की यहां परंपरा है। रामनवमी के पहले ही शहर को आकर्षक भगवा रंग और तोरण पताका से सजाया जाता है।
2008 में शोभायात्रा की शुरुआत
श्री रामनवमीं आयोजन समिति के संयोजक तीरथराज फूटान ने बताया कि 2008 से श्रीराम नवमी समिति श्री रामनवमीं पर शोभायात्रा निकाल रही है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के प्रति आस्था प्रकट करने के उद्देश्य ही यह शोभायात्रा निकाली जाती है। पहले साल जब झांकी निकाली गई, तो सभी ने इस आयोजन की काफी सराहना की। अन्य लोग भी जुड़ते गए। आज प्रदेशभर में धमतरी शहर में निकाले जाने वाली शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र है। इस बार भी 5 अप्रैल को बाइक रैली और दूसरे दिन 6 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। बैठक में आयोजन समिति के अशोक पवार, नंदू जसवानी, गणेश कोसरिया, दिलीप बडज़ात्या, शिखर कोचर, देवेन्द्र थवाईत, आशीष थिटे, घनाराम सोनी, चेज्ञा फूटान, अमन थवाईत समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नयनाभिराम झांकियां होंगी शामिल
6 अप्रैल को बनियापारा स्थित सिद्धेश्वर महाकालेश्वर मंदिर से प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में हर साल धमतरी शहर के 40 वार्डों से अलग-अलग टोली पहुंचती है। इस बार भी शोभायात्रा में बाहर से नयनाभिराम झांकियां बुलाई जा रही है। शोभायात्रा में 8 से अधिक डीजे-धुमाल पार्टी सहित भजन मंडली भी शामिल होंगी।