धमतरी

कुरुद, 22 मार्च। हमने बनाया है हम ही संवारेंगे वाली लाईन इस बार यहां की नगर घड़ी पर पूरी तरह फिट बैठ रही है। आठ बरस पहले भाजपा शासित निकाय ने इसे बनवाया था, पिछले पांच साल कांग्रेस ने इसे कई बार सुधरवाया, लेकिन फिर भी घड़ी राइट टाइम नहीं बता सकी। अब इसे दुरुस्त करने की जिम्मेदारी एक बार फिर भाजपा के हिस्से आ गई है।
गौरतलब है कि बायपास मार्ग कुरुद में रेस्ट हाउस जाने वाले रास्ते में भाजपा शासित निकाय परिषद ने 2016-17 में करीब 12 लाख खर्च कर नगर घड़ी चौक बनवाया था। जिसमें चारों दिशाओं से नजऱ आने वाली बड़ी बड़ी चार घडिय़ां लगीं है। नियमित देखभाल होने से घड़ी सालों तक सही समय बताती रही। लेकिन नगर में सत्ता परिवर्तन होने के बाद शासकीय धन से तैयार परिसंपत्तियों का रखरखाव से ध्यान हट गया। जिसका असर घड़ी पर भी पड़ा है।
पिछले कई दिनों से चारों दिशाओं में घड़ी अलग अलग टाइम दिखा कर राहगीरों को भ्रमित कर रही है। लोगों ने भाजपा शासित नगर पंचायत पदाधिकारियों से इस ओर ध्यान देकर नगर को सही समय और सही दिशा में आगे बढ़ाने की मांग उठाई है।