धमतरी

‘छत्तीसगढ़’संवाददाता
धमतरी, 10 मार्च। नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा अपनी सादगी और जमीनी हकीकत जानने एक अनोखी पहल की है। आमतौर पर महापौर अपने सरकारी वाहन या कार के जरिए शहर का दौरा करते हैं, लेकिन महापौर खुद एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया।
दरअसल, महापौर बनने के बाद से ही रामू रोहरा का मकसद जनता के करीब रहकर उनकी परेशानियों को समझना और उनका हल निकालना रहा है। उन्होंने बिना किसी तामझाम और सरकारी अमले के एक्टिवा पर अकेले ही शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करना शुरू कर दिया। आम लोगों से रूबरू हुए। उनकी परेशानियों को बड़े ध्यान से सुना। लोगों ने भी खुलकर अपनी शिकायतें और समस्याएं महापौर के सामने रखीं।
मुद्दों पर लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान रामू रोहरा ने देखा कि कई जगहों पर नालियां जाम हैं, सडक़ों पर गड्ढे हैं और गली-मोहल्लों में सफाई व्यवस्था बदहाल है। महापौर ने तत्काल निगम के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन पर निर्देश दिए कि इन समस्याओं का फौरन समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना उनकी अव्वल प्राथमिकता है और वह किसी भी हाल में इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस सराहनीय पहल से साफ है कि महापौर रामू रोहरा की कार्यशैली अलग और प्रभावशाली है। उनका यह जमीनी रुख निश्चित रूप से नगर निगम के कार्यों को गति देने और जनता को राहत पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। फिलहाल, महापौर के इस कदम से धमतरी के अवाम के बीच उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हो रहा है।