धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 मार्च। नगर निगम के गठन के बाद पहली बार एक महिला सभापति का चुनाव हुआ है। यह चुनाव बंद सभा हॉल में संपन्न हुआ। इसके साथ ही भाजपा ने क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ दिखाई है। पार्टी ने नगर निगम के साथ-साथ 4 जनपद पंचायतों में भी जीत हासिल की है। इनमें से एक जनपद में तो अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुनाव हुआ।
जिले के नगर निगम, सभापति और 4 जनपद पंचायतों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इसके बाद दोपहर में नगर निगम सभागार में 40 पार्षदों और महापौर की उपस्थिति में मतदान हुआ, जिसे पीठासीन अधिकारी की देखरेख में संपन्न कराया गया।
सभी पार्षदों और महापौर ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुनाव प्रक्रिया को पूरा किया। नगर निगम सभापति पद पर कौशल्या देवांगन निर्वाचित हुईं, जो धमतरी नगर निगम की पहली महिला सभापति बनी हैं। वे धरसींवा बटनारा की रहने वाली हैं और उनका परिवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा हुआ है। 2015 में शादी के बाद वे धमतरी आईं, जहां उनके पति इंद्रेश देवांगन प्राइवेट जॉब करते हैं।
भाजपा की कौशल्या ने कांग्रेस की डिंपल को हराया
इस बार उन्होंने सोरिद वार्ड से कांग्रेस की डिंपल सिन्हा को 348 वोटों से हराकर पार्षद का चुनाव जीता था। इसके बाद भाजपा के 27 पार्षदों और 4 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से उन्हें सभापति पद के लिए 33 वोट मिले और वे निर्वाचित हुईं। यह पहला अवसर है जब धमतरी नगर निगम बनने के बाद किसी महिला को सभापति चुना गया है।
4 जनपद पंचायतों में भी भाजपा का कब्जा
नगर निगम के साथ ही धमतरी जिले की 4 जनपद पंचायतों में भी चुनाव हुआ। धमतरी जनपद पंचायत में अंगिरा ध्रुव निर्विरोध अध्यक्ष बनीं, जबकि नगरी जनपद पंचायत में महेश गोटा, कुरूद जनपद पंचायत में गीतेश्वरी साहू, और मगरलोड जनपद पंचायत में वीरेंद्र साहू को अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। मगरलोड जनपद पंचायत में 23 सदस्यों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव किया, जबकि अन्य जनपद पंचायतों में 25 सदस्यीय प्रक्रिया के तहत मतदान हुआ।
भाजपा सरकार में विकास की गति तेज- महापौर
निर्वाचित सभापति कौशल्या देवांगन ने कहा कि वे 40 पार्षदों के साथ मिलकर धमतरी के विकास के लिए कार्य करेंगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री और नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने कहा कि, च्च्प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास की गति तेज हुई है। प्रदेश के 16 जिला पंचायतों में भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं, और इसी तरह धमतरी नगर निगम व जनपद पंचायतों में भी भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई है। नगर निगम सभापति चुनाव में भाजपा को 33 वोट मिले, जो पार्टी की मजबूत स्थिति को दर्शाता है।
जिले के 4 जनपदों में पदाधिकारी
जनपद पं.- अध्यक्ष- उपाध्यक्ष
धमतरी- अंगिरा ध्रुव- केशव साहू
नगरी- महेश गोटा- ह्रदय साहू
मगरलोड- वीरेन्द्र साहू- खिलेश साहू
कुरूद- गीतेश्वरी साहू- सतीश जैन