धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 6 मार्च। शहर में करीब 90 साल पुराने श्री हिन्दू अनाथालय धमतरी में कार्यक्रम हुआ, जिसमें बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। अतिथियों ने अपने संबोधन में अनाथालय को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सिहावा चौक स्थित हिन्दू अनाथालय में 4 मार्च को महापौर रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम हुआ। एसपी ने अपने कमाई का 1 फीसदी वार्षिक दान इस संस्था को देने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि एसपी आंजनेय वाष्र्णेय थे। अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. हीरा महावर थे। महापौर रोहरा ने कहा कि जनता की सेवा के लिए आप सबने मुझे मौका दिया है, इस पर पूरा खरा उतरने की कोशिश करेंगे। वर्तमान बजट में करीब 160 करोड़ धमतरी के लिए प्राप्त हुआ है। हिन्दू अनाथालय का भवन मंदिर है, जहां बच्चे अपना भविष्य तय करते हैं। संस्था को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
एसपी आंजनेय वाष्र्णेय ने कहा कि यहां पर अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। वसुधैव कुटुम्बकम को यहां चरितार्थ किया गया है। उन्होंने कहा कि वे अपने कमाई का 1 प्रतिशत वार्षिक दान इस संस्था को देंगे।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. हीरा महावर ने बताया कि साल 1935 में इस समिति का गठन किया गया था। बाद में इसे ट्रस्ट में परिवर्तित किया गया। अब तक यहां ऐसा बड़ा कार्यक्रम नहीं हुआ था।
इस संस्था के लिए अब तक सरकार से कोई अनुदान नहीं लिया गया है। यह सब शहरवासियों के सहयोग से संचालित हो रहा है। अनाथालय में 32 बच्चे है। हर बच्चे पर करीब 5 से 6 हजार रुपए खर्च होता है। यहां का खर्च नागरिकों से सहयोग से होता है। कोई शैक्षणिक सामग्री दान करता है तो कोई नगद दान भी करते हैं। वकील, सीए सब निशुल्क सेवाएं देते हैं।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के सदस्य एसके अग्रवाल, किरण कुमार गांधी, सुरेश महावर, अशोक पवार, कैलाश सोनी, रामावतार मिश्रा, लखमशी भाई भानुशाली, जगदीश प्रसाद शर्मा, भंवरलाल देवांगन, रोहिताश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।