धमतरी

12 लोगों को मधुमक्खियों ने किया घायल, दो दिन में 22 हुए शिकार
28-Feb-2025 3:59 PM
12 लोगों को मधुमक्खियों ने किया घायल, दो दिन में 22 हुए शिकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 28 फरवरी।
जिले के कलेक्ट्रेट मार्ग पर मधुमक्खियों का आतंक मच गया है। राहगीरों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों के हमले में 10 से 12 लोग घायल हो गए। राहगीरों को जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। एक दिन पहले भी, महाशिवरात्रि के मौके पर भखारा क्षेत्र के शिव मंदिर में पूजा कर रहे श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों ने हमला किया था, जिससे 10 लोग घायल हो गए। घायलों में एक डॉक्टर की हालत गंभीर है, जो फिलहाल आईसीयू में इलाज करा रहे हैं।

कलेक्ट्रेट मार्ग पर 27 फरवरी को यह घटना हुई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने राहगीरों पर हमला कर दिया। राहगीर भागकर अपनी जान बचाने लगे और करीब 100 मीटर तक दौड़ते रहे। साथ ही, वे दूसरे लोगों को भी इस मार्ग से दूर रहने के लिए कह रहे थे। वहीं पास में सब्जी बेच रही एक महिला पर भी मधुमक्खियों ने हमला किया। वह किसी तरह पास के घर के अंदर जाकर अपनी जान बचाई। इस दौरान, कलेक्ट्रेट मार्ग पर आवाजाही लगभग आधे घंटे के लिए पूरी तरह से ठप हो गई। स्थानीय निवासी राघवेंद्र ने बताया कि इस हमले में करीब 10 से 12 लोग घायल हुए, जिन्हें बचाने के लिए धुंआ किया गया, तभी जाकर मधुमक्खियों का आतंक कम हुआ। मधुमक्खियों का यह आतंक कलेक्ट्रेट मार्ग पर करीब एक घंटे तक रहा। ऐसे में यह घटना लोगों में दहशत का कारण बन गई है।
 


अन्य पोस्ट