धमतरी

महापौर की नई टीम कल लेगी शपथ, निगम को गंगाजल से किया जाएगा शुद्धिकरण
28-Feb-2025 3:52 PM
महापौर की नई टीम कल लेगी शपथ, निगम को गंगाजल से किया जाएगा शुद्धिकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 28 फरवरी।
नई शहरीय सरकार 1 मार्च को मिलेगी। सुबह 11 बजे गांधी मैदान में नए महापौर रामू रोहरा सभी 40 पार्षदों के साथ पदभार ग्रहण करेंगे। जिसके बाद महापौर द्वारा प्रयागराज से लाए गंगाजल छिडक़र नगर निगम को शुद्धिकरण किया जाएगा। निगम में भाजपा के 27, कांग्रेस के 8 तथा 5 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं। ये सभी 40 पार्षद 1 मार्च को महापौर रामू रोहरा के साथ शहर के गांधी मैदान में शपथ लेंगे।

सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा होंगे। अध्यक्षता सांसद रूपकुमारी चौधरी करेंगी। विशिष्ट अतिथि विधायक अजय चन्द्राकर होंगे। अतिथियों द्वारा निर्वाचित महापौर-पार्षदों को शपथ दिलाएंगे। महापौर रामू रोहरा नगर निगम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही प्रयागराज में गंगा नदी में पुण्य स्नान कर अपने साथ लाए गंगाजल से नगर निगम में छिडक़ाव कर शुद्धिकरण करेंगे। इसके बाद ही विधिवत काम शुरू होगा।

सभापति और एमआईसी के लिए जोर आजमाइश
निगम चुनाव को आगामी 2 मार्च को 15 दिन होने वाले हैं। शपथ ग्रहण के बाद नगर निगम की बैठकों का संचालन के लिए सभापति और मेयर इन कौंसिल सदस्य बनाया जाना है, लेकिन पार्टी स्तर पर अब तक सभापति पद के लिए किसी एक नाम तय नहीं हो सकी है। इसकी दौड़ में नरेन्द्र रोहरा, विजय मोटवानी, मेघराज ठाकुर, तल्लीनपुरी गोस्वामी, हेमंत बंजारे कतार में हैं। जोर आजमाइश को देखते हुए पार्टी किसी महिला पार्षद को सभापति भी बना सकती है।

इधर जिपं में अध्यक्ष की कुर्सी के लिए सीएम के समधी भी दौड़ में
जनपद और जिला पंचायत में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष तथा उप-सरपंच चुनाव के लिए शासन ने अधिसूचना जारी कर दिया है। 27 फरवरी को इसका प्रकाशन हो गया। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की कुर्सी के लिए दावेदारों में जोर आजमाइश शुरू हो गई है। जिपं की कुर्सी के लिए सीएम के समधी टीकाराम कंवर, अरुण सार्वा और गौकरण साहू के बीच रस्साकशी की स्थिति है। अध्यक्ष की कुर्सी के 3 दावेदार जिला पंचायत की कुर्सी इस बार अनारक्षित मुक्त आया है। 

इस पद के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समधी टीकाराम कंवर (रिटायर्ड डीएसपी), नगरी क्षेत्र के अरूण सार्वा और कुरूद क्षेत्र से आने वाले गौकरण साहू का नाम सामने है। मुख्यमंत्री के समधी टीकाराम कंवर का अध्यक्ष बनने की राह में पलड़ा भारी दिख रहा है।

5 में भाजपा, एक में कांग्रेस का कब्जा
जिले में कुल 370 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें 367 पंचायतों में आम चुनाव हुआ। इसमें अधिकांश ग्राम पंचायतों में भाजपा समर्थित सरपंच चुनाव जीते है। 5 नगर पंचायत कुरूद, भखारा, आमदी, नगरी में भाजपा के तथा मगरलोड नगर पंचायत में कांग्रेस के नगर पंचायत अध्यक्ष चुनकर सदन में पहुंचे है। जिले में 4 जनपद पंचायत है, जिसमें चारों जनपद पंचायतों में भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या ज्यादा है अर्थात यहां भी बहुमत के आधार पर भाजपा के ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनेंगे। 

13 सदस्यों वाले जिला पंचायत में 11 सदस्य भाजपा के तथा 2 सदस्य कांग्रेस के जीतकर आए हैं। जनपद और जिला पंचायत में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के लिए शासन ने अधिसूचना भी जारी किया है।

27 फरवरी को इसका प्रकाशन के साथ ही चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। जनपद पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव 4 मार्च को होगा। 5 मार्च को जिला पंचायत में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुने जाएंगे। 3 मार्च को सभी ग्राम पंचायतों में उप-सरपंच का चुनाव होगा।


अन्य पोस्ट