धमतरी

बस्तर राजपरिवार की कार ने पिकअप को टक्कर मारी
26-Feb-2025 3:53 PM
बस्तर राजपरिवार की कार ने पिकअप को टक्कर मारी

 रामायण मंडली के 12 कलाकार घायल

‘छत्तीसगढ़’संवाददाता

 धमतरी, 26 फरवरी। धमतरी में रामधुनी कार्यक्रम में जा रही रामायण मंडली की गाड़ी को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मंडली के सभी 12 कलाकार घायल हो गए। घटना बायपास रोड पर हुई। टक्कर मारने वाली कार बस्तर राजपरिवार के कमलचंद भंजदेव की बताई जा रही है। सभी घायल कलाकारों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक टक्कर के बाद वाहन पलटने से कलाकार दब गए। आसपास के लोगों ने घायलों को खींच कर बाहर निकाला। मौके पर पुलिस पहुंची और पुलिस, एंबुलेंस, और निजी वाहनों से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर इलाज जारी है। घायल महिला और युवक ने बताया कि ने बताया कि बालोद जिले के ग्राम पेरपार रहने वाले हैं। जो की श्रद्धा मानस महिला मंडली के रामायणी कलाकार हैं। टाटा एस क्रमांक सीजी 17 एच 2336 में करीब 12 लोग सवार होकर ग्राम पेरपार से रायपुर रामधुनी कार्यक्रम में रामायण करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से कार सीजी 17 केएस 0007 ने ठोकर मार दिया।

जिला अस्पताल के डॉ. संजय वानखेड़े ने बताया कि हादसे में 12 घायल जिला अस्पताल पहुंचे थे। सभी लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों का इलाज जारी है।

 थाना प्रभारी सन्नी दुबे ने बताया कि टाटा एस और कार घटनास्थल पर है। कार बस्तर के राजा कमलचंद भंजदेव की है। एफआईआर के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 


अन्य पोस्ट