धमतरी

नगर में मिले जनादेश के लिए हम जनता के आभारी हैं-अजय
22-Feb-2025 2:32 PM
नगर में मिले जनादेश के लिए हम जनता के आभारी हैं-अजय

कुरुद को नशा मुक्त करना प्रथम लक्ष्य-ज्योति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 22 फरवरी। नगर पंचायत में मिले जनादेश के लिए भाजपा ने रैली निकाल नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

शुक्रवार को नगर पंचायत कुरुद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों की विजय रैली निकाली गई। जो भाजपा कार्यालय से कारगिल चौक, सरोजनी चौक, गांधी चौक, चंडी मंदिर होते हुए पुराना बाजार पहुंची।

आभार सभा को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि विधायक श्री चंद्राकर ने बताया नगरीय निकाय का पिछला चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से करा तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनादेश के साथ छलावा कर जीता था। हॉर्स ट्रेडिंग के सहारे उन्होंने शहरी सत्ता कायम की थी। लेकिन इस चुनाव में उसकी हकीकत सामने आ गई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने स्थानीय संस्थाओं को जनसेवा का माध्यम बनाने की जगह हमेशा लूट का ठिकाना बना कर रखा था। इसलिए इस चुनाव में विपक्ष को मुंह की खानी पड़ी। उन्होंने इशारे इशारे में कहा कि भले ही कांग्रेस नपं में अपना उपाध्यक्ष बना लें, लेकिन भाजपा को परिषद चलाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।

इसके पूर्व आभार सभा को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने नशे के धंधे से जुड़े लोगों को एक महिने का अल्टीमेटम देते हुए चेताया कि इस अवधि में वे अपना कारोबार समेट लें बाद में किसी को नहीं बक्शा जाएगा। मेरे शपथ ग्रहण के साथ ही महिला कमांडो की टीम इस दिशा में काम करना शुरू कर देगी। शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। तब में किसी की भी सिफारिश नहीं सुनूँगी।

आत्मविश्वास से भरी प्रथम नागरिक की यह बात सुन सामने बैठीं महिलाओं ने ताली बजाकर इस मामले में साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया। सभा को चुनाव संचालक मालकराम साहू, अधिवक्ता एलपी गोस्वामी ने भी संबोधित करते हुए पार्टी के अतीत से लेकर वर्तमान स्थिति का जिक्र करते हुए इन चुनाव में मिली सफलता का श्रेय मोदी गारंटी, विष्णु सुशासन और अजय विकास को दिया।

इस अवसर निरंजन सिन्हा, कृष्णकांत साहू,भानु चंद्राकर, तिलोकचंद जैन, भूपेंद्र चंद्राकर, सुरेश अग्रवाल, सत्यप्रकाश सिन्हा, प्रभात बैस, खिलेंद्र चंद्राकर, शेखर, विकास, योगेश चंद्राकर, प्रमोद शर्मा, इमरान बेग, भूपेन्द्र सिन्हा सहित पार्षदगण, भाजपा कार्यकर्तागण एवं नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट