धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 23 जनवरी। जालमपुर वार्ड के दीवान तालाब किनारे 5 महीने का भ्रूण मिला है। पुलिस पहुंची और पंचनामा के बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया। फिर रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल कर जांच कर रही है।
तालाब किनारे भ्रूण मिलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के बाद भ्रूण को सुपुर्द में लिया। यह करीब 5-6 माह का भ्रूण है, जो पूरी तरह से विकसित नहीं हुआ था। अवैध संबंध के कारण लाज से बचने के लिए तालाब में फेंकने की आशंका जताई है। गर्भ ठहरने के बाद दवा खिलाकर गर्भपात कराने का संदेह है।
पुलिस ने जिला अस्पताल के चीरघर भिजवाया। बाद में इसे मेडिकल कॉलेज रायपुर भिजवा दिया। कोतवाली टीआई राजेश मरई ने बताया कि भ्रूण मामले में पुलिस बस्ती में जांच-पड़ताल कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रहे हैं। मितानिनों से भी आसपास बस्ती में गर्भवती महिलाओं के बारे में पूछताछ की गई।
शहर के अंदर 3 महीने में दूसरी घटना
शहर में 3 महीने के अंदर इस तरह का दूसरा मामला है। इसके पहले नवंबर के पहले पखवाड़े में दानीटोला में शीतला मंदिर के सामने झाडिय़ों में खून से लथपथ नवजात का शव मिला था। शव फेंकने वाले तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच पाई है। अब फिर जालमपुर में ऐसी घटना हुई। यह मामला अवैध संबंध या अन्य कारणों से जुड़ा हो सकता है।