धमतरी
कांग्रेस ने स्वामी विवेकानंद को किया याद, कई आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 13 जनवरी। स्वामी विवेकानंद जयंती के मौके पर नगर में विविध कार्यक्रम आयोजित किये गए। सियासी पार्टियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प दोहराया। समाजिक संस्था वन्देमातरम समिति ने अटल आवास के रहवासियों का अभिनंदन किया।
12 जनवरी को अटल आवास में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत कुरूद की पूर्व अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने नागरिकों को स्वामी विवेकानंद जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दस बरस पहले वर्तमान विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चन्द्राकर चन्द्राकर की पहल पर इस कॉलोनी को मैंने ही आबाद किया था। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत कुरूद में यह गरीब परिवार के लिए सबसे सुंदर कॉलोनी बनाई गई। लेकिन वर्तमान पदाधिकारियों ने इसकी कोई सुध नहीं ली, हमने आज से 12 वर्ष पहले जैसा सौंपा था, आज भी वैसे ही है। लेकिन अब यहाँ बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। विष्णु के सुशासन और अजय के विकास परक सोंच के अनुरूप इस कॉलोनी को हमने बनाया है हम ही इसे सँवारेंगे।
इस मौके पर श्रीमती चन्द्राकर ने यहाँ रहने वाले 102 परिवारों का दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन समिति प्रमुख भानु चंद्राकर ने वन्देमातरम परिवार द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यो का ब्यौरा देते हुए आगे भी हर सुख दु:ख में सहभागी बने रहने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन सोसायटी अध्यक्ष प्रभात बैस ने किया। इस अवसर पर कालोनी एवं नगरवासी उपस्थित थे।
इसी तरह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुरुद द्वारा विवेकानंद जयंती पर इंडोर स्टेडियम में स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कांग्रेसी नेताओं ने स्वामी जी के विचारों को याद करते हुए उसे आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चन्द्राकार, आशीष शर्मा, राजकुमारी दीवान, रवि शर्मा,गीताराम सिन्हा, रमेश्रर साहू, संध्या कश्यप,रमेश पाण्डेय, डुमेश साहू, उत्तम साहू, राघवेंद्र सोनी, मनोज अग्रवाल, योगेश, लव, दिवाकर चन्द्राकर, रामप्यारे साहू शामिल थे।