धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 11 जनवरी। मौसम में एक बार फिर बदलाव आया है। 72 घंटे से ठंड ने कंपकंपी बढ़ा दी है। सर्द हवा के असर से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज हुआ है। सुबह की सर्दी में लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। सुबह के बाद दोपहर में भी लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा। घास, फूल-पौधे में ओंस की बूंदें नजर आ रही हैं।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिमी ईरान के ऊपर 3.1 किमी से 5.8 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र गुजरात और उससे लगे राजस्थान के ऊपर बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से हवा की दिशा में और अधिक परिवर्तन होने की संभावना है, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में 11 जनवरी को मामूली वृद्धि संभावित है। अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री वृद्धि होने की संभावना है। 11 और 12 जनवरी को कोरिया जिले और उसके आसपास के जिलों में आंशिक रूप से बादल रह सकते हैं।
24 घंटे में 3 डिग्री गिरा पारा
गुरुवार को दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। रात में न्यूनतम तापमान 24 घंटे के मुकाबले 13 डिग्री से बढक़र 14 डिग्री पर पहुंच गया था। गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार यानी 24 घंटे में 3 डिग्री तक की गिरावट आई है, जिसके चलते रात में ठंडी हवा से ठिठुरन बढ़ गई।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाएं आने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का प्रवेश शुरू हो गया है, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद 11 से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है।