धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 5 जनवरी। शहर में कुछ डेयरी संचालकों द्वारा गंदगी सडक़ और नाली में बहाई जा रही है। शनिवार को निगम की टीम ने नेहरू स्कूल के पास कार्रवाई की। गंदगी फैलाने पर 8 हजार रुपए जुर्माना वसूला। इसके पहले निगम आयुक्त प्रिया गोयल समेत अन्य अफसरों ने वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था सुधारने सख्त निर्देश दिए थे।
नेहरू स्कूल टिकरापारा के पास स्थित डेयरी संचालकों द्वारा फैलाई गंदगी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। निगम की टीम ने निरीक्षण किया और दोषी मिलने पर 8 हजार रुपए जुर्माना लगाया। शिकायत थी कि डेयरी संचालक गोबर और अन्य कचरे को नालियों में बहाकर क्षेत्र में गंदगी फैला रहे हैं। इस वजह से नालियां जाम हो गई थीं। इलाके में बदबू फैल रही थी। चालान काटकर डेयरी मालिकों को स्वच्छ बनाने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि इस प्रकार की हरकतें दोबारा मिली, तो जुर्माने की राशि और अधिक होगी।
डेयरी संचालकों को मिलेगा निगम से वाहन
लाल बगीचा वार्ड में स्वच्छता अभियान को लेकर निगम आयुक्त प्रिया गोयल, उपायुक्त पीसी सार्वा ने शनिवार को सुबह निरीक्षण किया। जैनब पैलेस के सामने डेयरी संचालकों द्वारा फैलाई जा रही गोबर की समस्या पर सख्त कदम उठाया। कहा कि चालान काटने और स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए। आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि डेयरी संचालकों को निगम की ओर से वाहन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए शुल्क का निर्धारण होगा। यह कदम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण देने की दिशा में उठाया गया है। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान मलबा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत, उप अभियंता लोमस देवांगन, नमिता नागवंशी, मिशन मैनेजर शशांक मिश्रा, मनीष साहू, धनेश सिन्हा उपस्थित थे।