धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 31 दिसंबर। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हो गया है। अब न्यूनतम तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम विभाग ने शीतलहर जाने की संभावना जताई है। आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा। सुबह से शाम तक अधिकांश समय धूप खिली रही।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ 60 डिग्री पूर्व और 34 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसका असर कम होने के कारण प्रदेश में हवा की दिशा में परिवर्तन होने की सम्भावना है। 31 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। साथ ही प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने की संभावना है। 2 जनवरी तक, प्रदेश के अधिकांश भाग में न्यूनतम तापमान में 4-6 डिग्री तापमान में गिरावट संभावित है। उत्तर छत्तीसगढ़ में 1 जनवरी से कुछ पैकेट में शीतलहर चल सकती है। सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में 1 जनवरी से प्रात:काल हल्के से मध्यम कोहरा बनने की सम्भावना है।
हवा की दिशा बदलते ही बढ़ेगी ठंड
मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि हवा की दिशा में हुए परिवर्तन के चलते ठंड में और इजाफा होने की संभावना है। नए साल की रात खासतौर पर सर्द होगी। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि इस दौरान न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर पार्टियों और कार्यक्रमों की तैयारियों के बीच आयोजकों को अलाव का भी इंतजाम करना पड़ेगा।