धमतरी

धोखाधड़ी के आरोप में भाजपा नेता एमपी पुलिस की गिरफ्त में
17-Dec-2024 4:28 PM
धोखाधड़ी के आरोप में भाजपा नेता एमपी पुलिस की गिरफ्त में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 17 दिसंबर। सुविधा फार्मिंग और एलाइड लिमिटेड कंपनी बना कर लोगों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी करने के आरोप में मध्यप्रदेश की पुलिस धमतरी भाजपा जिला मंत्री एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि रामस्वरूप साहू को घर से पकड़ कर अपने साथ ले गई।

कुरुद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोरातराई निवासी सोसायटी अध्यक्ष रामस्वरूप साहू के घर सोमवार सुबह भोपाल जिला के बाग सेवनिया थाने की पुलिस चिटफंड कंपनी बनाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में भाजपा नेता रामस्वरूप साहू को घर से हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई।

बताया गया है कि शार्टकट में धनवान बनने की चाह में आरोपी ने कुछ साल पहले भोपाल, देहरादून में सक्रिय इस चिटफंड कंपनी से जुड़े थे। कचना- भखारा में बकायदा आफिस खोल क्षेत्र के कई नामचीन लोगों को एजेंट बनाया गया। कम समय में अधिक लाभ कमाने का लालच देकर भोलेभाले ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई का लाखों रुपए कंपनी में निवेश करा दिया गया। कंपनी की सच्चाई उजागर होने से सैकड़ों निवेशक अपना जमा पैसा वापस पाने दर-दर की ठोकर खा रहे हैं।

यहाँ पर यह बताना लाजमी होगा कि रामस्वरूप साहू वर्तमान में भाजपा के जिला मंत्री एवं सोसायटी अध्यक्ष हैं। पूर्व में उनकी पत्नी कुरुद जनपद अध्यक्ष रह चुकी है। और वे खुद भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि का दायित्व सम्हल चुके हैं। शायद इन्हीं सब वजह से वे अब तक पुलिस की पकड़ से बचे हुए थे। हाल ही में इस कंपनी की 6 एकड़ जमीन कुर्की कर 1.28 करोड़ में नीलाम की गई थी। अब मध्यप्रदेश की पुलिस ने अचानक रामस्वरूप का हिरासत में लेकर मामला उजागर कर दिया। इस मामले में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी की आशंका जताई जा रही है। यह घटना ने क्षेत्र में निवेशकों में उम्मीद जगाने के साथ साथ राजनीति में रुचि रखने वाले लोगों को चर्चा का नया टॉपिक देने का काम किया है।

धमतरी एसपी आंजनेय वाष्र्णेय  ने बताया कि जोरातराई निवासी रामस्वरूप साहू को हिरासत में लेने की सूचना एमपी पुलिस ने दी है। उन पर धारा 420, 409 का अपराध दर्ज होना बताया गया है।

 


अन्य पोस्ट