धमतरी

धमतरी के 18 हजार बच्चे होंगे शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 दिसंबर। शिक्षा सत्र 2024-25 में बोर्ड परीक्षा आयोजित करने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सोमवार को टाइम टेबल जारी किया। 12वीं की परीक्षा 1 मार्च से होगी, जबकि 10वीं की परीक्षा 3 मार्च से होगी। परीक्षा 28 मार्च को समाप्त होगी। इस बीच होली त्योहार है। इस साल छात्रों को होली त्यौहार के बीच परीक्षा देनी होगी।
परीक्षा की तैयारी के लिए 5 दिन का गैप मिलेगा। बीते साल परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों ने होली त्योहार मनाया था। 23 मार्च तक परीक्षा समाप्त हो गई थी। 25 मार्च 2024 को होली त्यौहार मनाया था। परीक्षा के बीच 14 मार्च 2025 को होली त्योहार है। इसके 5 दिन बाद परीक्षा फिर से परीक्षाएं होंगी।
छग माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 9 दिसंबर को बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। जिले के 18 हजार बोर्ड परीक्षार्थी इसमें शामिल होंगे। 10वीं में करीब 10 हजार 700 और 12वीं में 7900 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होगी। 9.05 को उत्तर पुस्तिका दी जाएगी, जबकि 9.10 से को प्रश्न पत्र मिलेगा। दोपहर 12.15 बजे परीक्षाएं होंगी। डीईओ टीआर जगदल्ले ने बताया कि बोर्ड परीक्षा का टाइम टेबल जारी हो गया है। परीक्षा परिणाम को बेहतर करने प्राचार्यों की बैठक भी लेंगे।
हिन्दी से शुरू होगा पहला पर्चा
10वीं, 12वीं का पहला पर्चा हिन्दी से शुरू होगा। छात्रों को निर्धारित समय से 15 मिनट पहले पहुंचना है। 12वीं का 1 मार्च को हिन्दी, 4 मार्च को अंग्रेजी होगा। इसके बाद 6 मार्च, 8, 11, 12 मार्च को परीक्षा होगी। 14 मार्च को होली के बाद 18 मार्च से फिर से परीक्षा होगी, जो 28 मार्च तक चलेगी। इसी तरह 10वीं का 3 मार्च को हिन्दी, 5 को अंग्रेजी, 7 को गणित, 10 को विज्ञान, 12 को व्यावसायिक पाठ्यक्रम होगा। होली के बाद 17 मार्च को परीक्षा होगी, जो 24 मार्च तक चलेगी।
जनवरी में प्री-बोर्ड की परीक्षा
10वीं, 12वीं बोर्ड छात्रों की प्री-बोर्ड परीक्षा जनवरी में होगी। इसके पहले छात्रों की अर्धवार्षिक परीक्षाएं होंगी। 12 दिसंबर से परीक्षा शुरू होगी, जो 21 तक चलेगी। पहला पर्चा 10वीं का विज्ञान, 12वीं का इतिहास, भौतिक शास्त्र, व्यवसाय अध्ययन, फिजियोलॉजी एंड फर्स्ट एंड, व्यावसायिक द्वितीय, ऐली ऑफ साइंस यूज फूल फार मैथ्स परीक्षा होगी।