धमतरी

अब तक 65 हजार मीट्रिक टन से अधिक की धान खरीदी
26-Nov-2024 2:10 PM
अब तक 65 हजार मीट्रिक टन से अधिक की धान खरीदी

30 प्रकरण दर्ज कर 2216 क्विंटल अवैध धान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 धमतरी, 26 नवंबर।
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर 100 धान उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से अब तक पंजीकृत 1 लाख 28 हजार 346 किसानों में से 15 हजार 129 किसानों का 65030.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। 

खरीदे गए धान का मूल्य 150.03 करोड़ रूपए है। जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीदी सुव्यस्थित रूप से की जा रही है। इसके साथ ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान कोचियों, बिचौलियों के द्वारा धान के अवैध भंडारण, परिवहन कर खरीदी केन्द्रों में लाकर विक्रय करने की आशंका बनी रहती है, जिसकी रोकथाम हेतु जिले के प्रत्येक विकासखंड में राजस्व विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग एवं कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारियों का ब्लॅाक स्तरीय उडऩदस्ता दल का गठन किया गया है।
गठित ब्लॉक स्तरीय उडऩदस्ता दल द्वारा अवैध धान भंडारण, परिवहन करने वालों के विरूद्ध दिनांक 14 नवम्बर से 23 नवंबर तक तक मंडी अधिनियम 1972 के तहत् कार्रवाई कर 30 प्रकरण दर्ज कर कुल 2 हजार 216 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। ब्लाक स्तरीय उडऩदस्ता दल धमतरी द्वारा दुष्यंत किराना स्टोर छाती, होलाराम धनकर छाती एवं केशव प्रसाद यदु स्टोर ग्राम छाती के प्रतिष्ठान में जांच की। 

जांच में दुष्यंत किराना स्टोर छाती में 102 कट्टा (40.80 क्विंटल), होलाराम धनकर छाती में 110 कट्टा (44.00 क्विंटल) तथा केशव प्रसाद यदु स्टोर ग्राम छाती में 180 कट्टा (72.00 क्विंटल) अवैध धान का भंडारण मिलने पर उनके विरूद्व मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर कुल 392 कट्टा (156.80 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया है।
जिले के उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही धान में से आज दिनांक तक 1 हजार 578 मीट्रिक टन धान का भंडारण संग्रहण केन्द्र भोयना में किया गया है। तथा बाकी धान का भंडारण कार्य जारी है। 
 


अन्य पोस्ट