धमतरी

महानदी में रेत चोरी व अवैध प्लाटिंग रोकने चेतावनी
23-Nov-2024 6:19 PM
महानदी में रेत चोरी व अवैध प्लाटिंग रोकने चेतावनी

सांसदों ने कलेक्टर से कहा- सख्त कार्रवाई करें, नहीं तो हम करेंगे 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 23 नवंबर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी और कांकेर भोजराज नाग ने ली। दोनों सांसदों ने जिले में शासन की योजनाओं का हाल जानने यह बैठक ली। बदहाल ट्रैफिक को लेकर अधिकारियों पर भडक़े। साथ ही अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने खनिज अधिकारी की जिले में महानदी, पैरी व खारून नदी में रेत की चोरी पर तत्काल कार्रवाई करने चेताया। अवैध प्लाटिंग का अवैध खेल रोकने भी कलेक्टर को चेताया। कहा कि कार्रवाई नहीं हुई, तो हम एक्शन लेंगे। वहीं सडक़ दुर्घटना रोकने स्कूलों में बच्चे आने और छुट्टी के बाद घर जाने के समय ट्रैफिक व्यवस्था दुरूस्त करने कहा। 

जिला पंचायत में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की। महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन समय पर करें। लंबित कार्य निर्धारित समयावधि में करने की जरूरत है। सांसद भोजराज नाग ने केन्द्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने कहा। दोनों सांसदों ने खनिज विभाग के कार्यों की समीक्षा की। महानदी समेत पैरी, योजनाओं नदी में रेत के अवैध खनन, परिवहन, भंडारण तत्काल रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर-सीईओ चुपचाप बैठी रही। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 3 हजार 717 में से 1924 शौचालय पूर्ण कर लिए गए हैं। सांसद चौधरी ने कहा कि शौचालयों में साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था हो यह सुनिश्चित करें। पीएम सडक़ योजना की समीक्षा में सांसद ने बारिश एवं अन्य कारणों से जितने भी सडक़ खराब हुए है, उन सभी सडक़ों को समय सीमा में मरम्मत करने कहा।

बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने अधिकारियों को अल्टीमेटम

जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक कर समीक्षा की। एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने सडक़ सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने जिले में किए जा रहे प्रयास की जानकारी दी। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने जन-जागरूकता लाने एवं कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। स्कूली बसों में जाली अवश्य लगाने तथा जहां स्कूल में पार्किंग व्यवस्था पर्याप्त नहीं हैं, व्यवस्था करने कहा। बच्चों के स्कूल पहुंचने और छुट्टी के बाद स्कूल से निकलने के समय यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए। बैठक में ओवर स्पीड चलने वाले वाहनों पर कार्यवाही करने, स्कूली बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहनों की नियमित जांच करने, ओवर लोड वाहन, प्रदूषण जांच, कंडम वाहन, प्रेशर हार्न, ओवर स्पीड, बिना हेलमेट/सीट बेल्ट, वाहन चालन के दौरान मोबाईल फोन का उपयोग, नशा कर वाहन चालन करने वाले, मुख्य मार्ग में अनाधिकृत खड़े वाहन की भी जांच कर कार्यवाही करने कहा है।

शिक्षकों पर कार्रवाई करने कहा

छात्रों से गुटखा-सिगरेट मंगाने वाले शिक्षकों पर करें कार्रवाई कलेक्टर नम्रता गांधी ने बताया कि जिले में फसल चक्र परिवर्तन के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। धान के बदले दलहन-तिलहन फसल पर जोर दिया जा रहा है, इस पर सांसदों ने प्रशंसा की। शिक्षा विभाग की समीक्षा में कहा कि ऐसे शिक्षक, जो विद्यार्थियों से गुटखा, पाउच, तंबाकू, सिगरेट दुकानों से मंगाते हैं, उन पर सख्ती से कार्रवाई किया जाए। शिक्षकों की उपलब्धता और कमियों की जानकारी भी ली।


अन्य पोस्ट