धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 नवंबर। जिले में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियां जैसे खेलकूद, कला, वैज्ञानिक शोध इत्यादि से जोडऩे के उद्देश्य से विभिन्न रोचकपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें अनुपयोगी वस्तुओं से विभिन्न विज्ञान मॉडल तैयार करना, मानसिक स्वस्थता बनाए रखने के लिए मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन तथा रू-ब-रू कार्यक्रम के जरिए बच्चों का अधिकारियों से सम्पर्क इत्यादि संचालित किए जा रहे हैं। इन्हीं कार्यक्रमों से एक हैं शेडो अधिकारी।
जिले के विभिन्न स्कूलों में हाई एवं हायर सेकेंडरी कक्षाओं में अध्ययनरत 202 बच्चे विभागीय कार्यों और गतिविधियों को करीब से जानने एवं समझने के लिए शैडो अधिकारियों की भूमिका में नजर आए। बच्चों ने कलेक्टर, एसपी, सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों से उनके कार्यालयों में सम्पर्क किया और विभागीय कार्यों को समझा एवं जाना। बच्चों ने शासकीय कार्यालयों में किए जा रहे कार्यों, वहां संचालित होने वाली योजनाओं, कार्यक्रमों और अधिकारियों की जिम्मेदारियों को करीब से देखा। साथ ही बच्चों ने उत्सुकतापूर्वक अधिकारियों से सवाल भी किए और भविष्य में उनकी क्या बनने की योजना है, उसे अधिकारियों के साथ साझा किया। विभागीय अधिकारियों ने बच्चों का आत्मीय स्वागत किया और अपने-अपने विभागों में संचालित हो रहे कार्यों, योजनाओं और कार्यक्रमों की बारीकी से जानकारी दी। बच्चों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य उद्देश्य, बच्चे अपना लक्ष्य निर्धारित करें- कलेक्टर
कलेक्टर नम्रता गांधी ने कहा कि शैडो अधिकारियों के कार्यक्रम का आयोजन बाल दिवस के उपलक्ष्य में किया गया। इसका उद्देश्य बच्चे अधिकारियों के कार्यों को देखें, समझें और उसे देखकर अपना लक्ष्य निर्धारित करें। दूसरी ओर अधिकारी भी बच्चों की नजरिया से देखें कि वे अपना कार्य कैसे कर रहे हैं व बेहतर तरीके से और अच्छा कार्य कैसे करें। यह दोनों तरफ से सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि स्कूली जीवन का समय सबसे सुनहरा समय होता है। जब हम हाई व हायर सेकंडरी कक्षाओं में पहुंच जाते हैं, तो अपने जीवन का लक्ष्य तय करना जरूरी हो जाता है।
इन विभागों में बच्चे बने शैडो अधिकारी
शासकीय उमावि मरौद के हर्ष कुमार शैडो अपर कलेक्टर, भोथली की युक्ति साहू डीईओ, रुद्री की दामिनी नेताम सीएमएचओ, सेजेस कंडेल के दिपांशु यादव उप संचालक कृषि, शिव सिंह वर्मा स्कूल की रिया मोरे संयुक्त कलेक्टर, सेजेस बठेना की सौम्या मौर्या डिप्टी कलेक्टर, मॉडल स्कूल की तनिशा जैन डिप्टी कलेक्टर, आकांक्षा यदु शैडो उप पुलिस अधीक्षक समेत 202 बच्चे अन्य शैडो अधिकारी बनकर कार्यों को बारीकी से जाना।


