धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 17 नवंबर। सर्व यादव समाज सिहावा नगरी के तत्वावधान में महानदी चित्रोत्पल्ला तट पर बसे सिहावा कर्णेश्वर धाम में गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा के पवन अवसर पर किया गया।
जहां यादव बन्धुओं द्वारा अपने इष्ट देव कृष्णा एवं गोवर्धन पूजा कर अपने पारंपरिक वेशभूषा में छत्तीसगढ़ प्रदेश एवं अन्य प्रदेश के यादव बंधुओं के द्वारा राउत नाचा व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत की गई। वहीं अपने इष्ट देव के प्रसाद खिचड़ी के रूप में वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अंबिका मरकाम की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता नंदकुमार यादव अध्यक्ष सर्व यादव समाज सिहावा नगरी ने की।
अंबिका मरकाम ने कहा कि भगवान कृष्ण यादव समाज के ही नहीं अपितु हम सब के इष्ट देव हैं। जिन्होंने हमें गीता के सार को समझाया है और हम अपने जीवन में गीता को उतरते हैं तो हमें जीवन जीने में किसी भी तरह के परेशानी नहीं होगी। उन्होंने सफल आयोजन के लिए यादव समाज को बधाई दी साथ ही समाज के मांग पर गोवर्धन भाठा स्थल पर दस लख रुपए की लागत से शेड निर्माण हेतु विधायक निधि से घोषणा की।
विधायक मरकाम ने कहा निश्चित तौर पर कर्णेश्वर धाम सिहावा क्षेत्र का धार्मिक एवं हृदय स्थल के रूप में जाना जाता है यहां पर बड़ी संख्या में मेला एवं सावन में कांवर यात्रियों का तांता लगा रहता है। शेड निर्माण से निश्चित तौर पर यादव समाज के कार्यक्रम के साथ-साथ यहां अन्य समाज के लोग एवं समय समय पर विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया जाना संभव होगा।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भानेंद्र सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूषण साहू, कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष विकल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम, उपाध्यक्ष हुमित लिंमजा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी के महामंत्री सचिन भंसाली, पेमन स्वर्णबेर, युवा कांग्रेस जिला महासचिव किसन गजेंद्र ,सिहावा जोन अध्यक्ष महेंद्र धेनुसेवक, शैलेंद्र धेनु सेवक, मयंक ध्रुव, सरपंच महेंद्र नेताम, यादव समाज के प्रांताध्यक्ष , अध्यक्ष ब्लॉक अध्यक्ष, ग्रामीण अध्यक्ष, एवं सर्व यादव समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन दिनेश कुमार यादव ने किया। बड़ी संख्या में सिहावा क्षेत्र के यादव समाज व अन्य समाज के लोग उपस्थित थे।


