धमतरी

फिल्टर प्लांट को दिसंबर तक सिविल वर्क पूरा करने का अल्टीमेटम
16-Nov-2024 4:05 PM
फिल्टर प्लांट को दिसंबर तक सिविल वर्क पूरा करने का अल्टीमेटम

आयुक्त ने किया जल शुद्धिकरण संयंत्र का निरीक्षण, गुणवत्ता पर फोकस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 16 नवंबर।
नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने आज सुबह महिमा सागर वार्ड स्थित वाटर फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। कार्यों की समीक्षा की। दौरे का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण जल आपूर्ति सुनिश्चित करना था।

आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान प्लांट में मौजूद उपकरणों, पानी की शुद्धिकरण प्रक्रिया और जल भंडारण व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। प्रत्येक कार्य को गंभीरता से परखा और यह सुनिश्चित किया कि जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। आयुक्त ने 9 एमएलडी निर्माणाधीन फिल्टर प्लांट का विशेष रूप से निरीक्षण किया। 

यह प्लांट धमतरी की जल समस्याओं को स्थायी समाधान प्रदान करने की दृष्टि से बनाया जा रहा है। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की गति और गुणवत्ता का मूल्यांकन किया और अधिकारियों को सिविल वर्क दिसंबर 2024 तक पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया। 

आयुक्त ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की देरी या गुणवत्ता में कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस प्लांट के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच की। ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे मानक स्तर का पालन करें। निर्माण टीम को आगाह किया कि गुणवत्ता में कोई समझौता होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जल आपूर्ति के हर चरण में उच्चतम गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से निरीक्षण करें। हर पहलू का ध्यान रखें। पानी की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होगी। संबंधित विभाग को जल शुद्धिकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कहा और पानी के नमूनों की समय-समय पर जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने की भी सलाह दी। निरीक्षण के दौरान प्रिया गोयल ने कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ खुलकर बातचीत की। 

उन्होंने उनकी समस्याओं और चुनौतियों को सुना और उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, आप सभी का योगदान धमतरी के नागरिकों के जीवन में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य है कि अगले कुछ वर्षों में धमतरी की जल आपूर्ति प्रणाली को प्रदेश में सबसे बेहतर बनाया जाए। इसके लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा और जल संरक्षण के प्रयासों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

कठोर निर्णय लेने की चेतावनी
निरीक्षण के अंत में आयुक्त ने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में गिरावट स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्ताहीन कार्य करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सभी कार्य समय पर पूरे हों और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त पीसी सार्वा, कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत, स्वास्थ्य अधिकारी प्रकृति जगताप, उप अभियंता कमलेश ठाकुर, लोमस देवांगन, नमिता नागवंशी, टिकेंद्र साहू, ऐश्वर्या दीवान आदि मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट