धमतरी

मकान मालिकों को किराएदारों की मुसाफिरी दर्ज कराने के निर्देश, मांगी जानकारी
13-Nov-2024 2:16 PM
मकान मालिकों को किराएदारों की मुसाफिरी दर्ज कराने के निर्देश, मांगी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,  13 नवंबर।
जिले में बढ़ते अपराधों को देखते हुए बिना मुसाफिरी दर्ज कराए रहने वाले और किरायेदारों की जानकारी अब पुलिस जुटाएगी। पुलिस ने जिलेभर में सभी मकान मालिकों से अपने यहां रहने वाले किरायेदारों की जानकारी नजदीक के थाने में जमा कराने कहा है। जानकारी नहीं देने वालों पर कार्रवाई भी होगी।

एसपी आंजनेय वाष्र्णेय के निर्देश पर 12 नवंबर को निर्देश जारी कर कहा है कि मकान मालिकों ने किसी भी व्यक्ति को मकान किराए पर दिया है तो उन किरायेदारों की जानकारी अनिवार्य रूप से निकटतम पुलिस थाना में जमा कराएं। इसमें किरायेदारों (सभी सदस्यों) की आधार कार्ड की फोटोकॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो एवं मोबाइल नंबर मांगा गया है। साथ ही मकान मालिक की आधार कार्ड की फोटो कॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो एवं मोबाइल नंबर जमा करने कहा गया है। पुलिस ने कहा कि दस्तावेज जमा नहीं करने पर मकान मालिकों के विरूद्ध वैधानिक कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

धमतरी शहर में बिना मुसाफिरी दर्ज कराए बाहरी लोग रह रहे हैं। फेरी लगाकर सामान बेच रहे हैं तो होटलों, ढाबों में वेटर का काम कर रहे हैं। ऐसे अनजान लोगों को भी मकान मालिक बिना किसी वेरिफिकेशन के रहने के लिए मकान दे रहे हैं। मकान मालिकों से किरायेदारों के साथ ही अपना भी दस्तावेज जमा कराने कहा गया है।  


अन्य पोस्ट