धमतरी

निगम कर्मियों की 12 से हड़ताल
10-Nov-2024 3:33 PM
निगम कर्मियों की 12 से हड़ताल

मूलभूत सुविधाओं से जुड़े व्यवस्था होंगे प्रभावित 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 नवंबर।
नगर निगम के कर्मचारी 12 नवंबर से 3 दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इसकी सूचना निगम अधिकारी समेत प्रशासन को दी है। कर्मचारियों के इस आंदोलन से पानी, बिजली समेत सफाई व्यवस्था प्रभावित हो जाएगी। नवयुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ के नियमित कर्मचारियों ने मांगों को लेकर 12 से 14 नवंबर तक आंदोलन में जाने का ऐलान किया है। संघ के जिलाध्यक्ष देवेश चंदेल, प्रदेश प्रवक्ता मंगलूराम निर्मलकर ने बताया कि संगठन द्वारा पूर्व में जब आंदोलन किया था, तब राज्य सरकार ने उनकी मांगों को पूर्ण करने आश्वासन देकर निर्णय के लिए एक समिति भी बनाई थी।

समिति को विचार कर जल्द रिपोर्ट सौंपने कहा था, लेकिन इस समिति की रिपोर्ट का अब तक अता-पता नहीं है। इसके विरोध में राज्य सरकार के उदासीनता के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद शेर खान, प्रदेश सचिव ऋषभ ठाकुर, महामंत्री तरूण गजेन्द्र ने कहा कि तीन दिवसीय हड़ताल में धमतरी समेत पूरे प्रदेशभर के 184 नगरीय निकाय के अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल में जाएंगे, क्योंकि नगर निगम आम जनता के मूलभूत सुविधाओं से जुड़ा हुआ विभाग होता है, जिस कारण आम जनता को निश्चित रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

कर्मचारियों को पहली तारीख को वेतन दें, ठेका पद्धति खत्म कर प्लेसमेंट कर्मचारियों से निकाय से वेतन दें। पुरानी पेंशन योजना को लागू करें। मृत कर्मचारियों के परिजन को जल्द अनुकम्पा नियुक्ति दें। नियमित कर्मचारियों को 12 वर्ष सेवा पूर्ण होने पर पदोन्नति दें। 6वें-7वें वेतनमान की एरियर्स राशि जल्द जारी करें।
 


अन्य पोस्ट