धमतरी

इलेक्ट्रॉनिक कांटे से होगी तौलाई, सौ से अधिक केंद्रों में 14 से शुरू होगी खरीदी
25-Oct-2024 3:58 PM
इलेक्ट्रॉनिक कांटे से होगी तौलाई, सौ से अधिक केंद्रों में 14 से शुरू होगी खरीदी

67.43 लाख क्विंटल खरीदने का लक्ष्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 25 अक्टूबर। 
आगामी 14 नवंबर से सरकार समर्थन मूल्य में धान की खरीदी शुरू करेगी। इस साल किसानों का धान इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलाई कर लेगी। साथ ही 5 नए केंद्र बढ़ाकर 105 केंद्रों में खरीदी की जाएगी।  वहीं 67.43 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य दिया है। बीते साल से 6 लाख क्विंटल और अधिक धान की खरीदी होगी।

जिलेभर में 1 लाख 26 हजार 176 पंजीकृत किसान हैं। आगामी 14 नवंबर से शुरू होने वाली धान की खरीदी ढाई महीने यानि 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। धान खरीदी व्यवस्थित और बिना किसी दिक्कत के जिले के 105 केंद्रों में हो, इसके लिए कलेक्टर नम्रता गांधी ने नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। अफसरों को केन्द्रों का निरीक्षण कर चेताया है। इस साल 5 एकड़ से कम रकबे के किसान को 2 बार और 5 से अधिक पर 3 बार टोकन मिलेगा। 

मार्कफेड के डीएमओ सुनील राजपूत ने कहा कि इस साल मोटा धान को 2300 रुपए प्रति क्विंटल और ग्रेड ए को 2320 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य मिलेगा। इस साल इलेक्ट्रॉनिक कांटे से धान की तौलाई होगी। उन्होंने कहा कि नए जूट बारदानों के साथ मिलर के पुराने बारदाने, पीडीएस बारदाने व एचडीपीई, पीपी बारदानों का धान खरीदी में उपयोग करना है। धान उपार्जन के लिए जिला कार्यालय में नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की है, जिसका दूरभाष क्रमांक 07722-232808 है।

धान खरीदने जरूरी तैयारी करने निर्देश
कलेक्टर नम्रता गांधी ने धान खरीदी की तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रों का समतलीकरण, सफाई, फेंसिंग, बिजली व्यवस्था, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, जनरेटर, यूपीएस, इंटरनेट की व्यवस्था, आर्द्रतामापी यंत्र, नाप तौल के लिए पर्याप्त कांटा-बांट, बारदाना सुतली, हमाल की उपलब्धता, तारपोलिन, चबूतरा, ड्रेनेज, टोकन व्यवस्था के लिए अधिकारियों को चेताया है।


अन्य पोस्ट