धमतरी

दिवाली के पहले 10 बदमाशों परप्रतिबंधात्मक कार्रवाई, वार्डों में बढ़ाई पेट्रोलिंग
21-Oct-2024 4:33 PM
दिवाली के पहले 10 बदमाशों परप्रतिबंधात्मक कार्रवाई, वार्डों में बढ़ाई पेट्रोलिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 21 अक्टूबर। दिवाली में शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने गुंडा-बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। पखवाड़ेभर में 10 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रिमांड पर भेजा। 40 वार्डों में शराबियों और गंजेडिय़ों की हरकतों से आम जनता परेशान है।

आगामी दिनों में दिवाली है। इस पर्व में कोई खलल न पड़े, इसके मद्देनजर पुलिस ने ऐसे बदमाशों को पकड़ कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के अनुसार शहर में 40 निगरानीशुदा बदमाश हैं। 7 जिलाबदर हैं। 9 महीने में शहर में चाकूबाजी की 14 घटनाएं हुई हैं। पुलिस ऐसे तत्वों से सख्ती से भी निपट रही है। एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने बदमाशों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए हैं। दिवाली के पहले निगरानीशुदा बदमाशों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। अधिकांश बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रिमांड पर भेजने की तैयारी पुलिस अधिकारियों ने शुरू कर दी है।

सिविल ड्रेस में पुलिस अधिकारी, जवान तैनात

दिवाली त्योहार को देखते हुए सिविल ड्रेस में पुलिस जवानों को तैनात कर दिया है। साइबर की टीम भी लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। खुफिया पुलिस एसआईबी, एलआईबी, एसबी के जवान भी बाजार की भीड़ में घूम रहे हैं, जो अराजक तत्वों पर नजर रखे हैं। बस्तियों से जहां कहीं भी अराजक तत्वों की हरकतों की सूचना मिल रही है, तत्काल उन्हें पकड़ लिया जा रहा है।

कोतवाली टीआई राजेश मरई ने बताया कि दिवाली त्योहार को देखते हुए बदमाशों की धरकपड़ शुरू की है। बस्तियों में सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया। निगरानीशुदा बदमाशों के खिलाफ एक्शन लेकर जेल भेज रहे।


अन्य पोस्ट