धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 20 अक्टूबर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन देखने जनपद अध्यक्ष शारदा साहू ने सिविल अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने दवाईयों की उपलब्धता, भोजन की गुणवत्ता और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेकर निर्देश दिए।
शुक्रवार को क्षेत्रवासियों से मिले फीडबैक के आधार पर कुरुद जनपद अध्यक्ष शारदा लोकनाथ साहू ने सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने प्रसव कक्ष, क्लीनिक, ऑपरेशन कक्ष, आन्तरिक भर्ती मरीज वार्ड, पोषण पुनर्वास केन्द्र, आपात कालीन चिकित्सा, पैथालॉजी, आक्सीजन प्लान्ट, दवा वितरण कक्ष, ओपीडी आदि विभागों का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों को दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता व मेन्यू के बारे में मरीजों से पूछताछ की। जनपद अध्यक्ष ने मरीजों को होने वाली परेशानी को देखते हुए ओपीडी एवं दवा वितरण कक्ष में महिला, पुरूष, दिव्यांग व वयोवृद्ध लोगों के लिए अलग-अलग काउन्टर बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही जिम्मेदार अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्र में संचालित स्वस्थ्य केन्द्रों का समय समय पर निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने की समझाइश दी। इस मौके पर बीएमओ डॉ यूएस नवरत्न, बीपीएम रोहित पाण्डेय, नेत्र चिकित्सक क्षितिज साहू सहित स्वस्थ्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।