धमतरी

रबी सीजन में पानी बचाने रांवा के किसान गर्मी में नहीं लेंगे धान, 14 नवंबर से धान खरीदी शुरू
17-Oct-2024 2:59 PM
रबी सीजन में पानी बचाने रांवा के किसान गर्मी में नहीं लेंगे धान, 14 नवंबर से धान खरीदी शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 17 अक्टूबर।
जिले में लगातार गिरते भूजल स्तर को लेकर चिंतित ग्रामीणों ने अब गर्मी के दिनों में धान की फसल नहीं लेने का निर्णय लिया है। ज्यादा सिंचाई पानी वाले धान के बदले किसान दलहन-तिलहन की फसल लगाने का फैसला ले रहे। इसमें पानी की खपत कम होगी, जिससे भूमिगत जलस्तर को मेंटेन करने में बड़ी मदद होगी। रांवा के किसानों ने रबी में धान के बदले दलहन-तिलहन लेने का फैसला लिया। बीते साल परसतराई के किसानों ने धान फसल नहीं लिया था।

जिले से होकर महानदी गुजरी है, लेकिन पानी का अधिक दोहन के कारण सूखे की हालत बढ़ रही। जिले में सामान्यत: भूमिगत जलस्तर 17.50 मीटर पर रहता हैं, जो गर्मी के दिनों में 22 मीटर से भी नीचे चला जाता है। इसके लिए बैठक भी बुलाई गई, जिसमें ग्रामीणों और किसानों ने गांव में लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए फसल चक्र परिवर्तन करने प्रस्ताव पारित किया गया।

अर्ली वैरायटी की फसल कटाई शुरू
जिले में दशहरा के बाद अर्ली वैरायटी की धान फसल की कटाई शुरू हो गई है। जिले में इस साल खरीफ में 1.38 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की बोनी हुई है। इसमें अर्ली वैरायटी में धान आई आर-64, आईआर-36 समेत अन्य धान फसलों की कटाई शुरू हो गई। आमदी, लोहरसी, पेरपार, पेंडरवानी क्षेत्र में किसान धान कटाई में व्यस्त है। आगामी 14 नवंबर से समर्थन मूल्य में धान खरीदी प्रस्तावित है। आगामी दिवाली त्योहार को ध्यान में रखकर कई किसान धान की मिंजाई कराकर मंडी में बेच रहे हैं। मंडी में नए धान को 2050 रुपए से लेकर 2150 रुपए का भाव मिल रहा हैं। मंडी में अब तक 300 कट्टा नया धान बिक चुका है।

1.22 लाख किसानों का हो चुका पंजीयन
जिले में अब तक 1 लाख 22 हजार किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने अपना पंजीयन करा चुके हैं। इनमें 1 लाख 99 हजार ऐसे किसानों का नाम है, जो पिछले साल धान बेचे है, इन किसानों का इस साल कैरी फारवर्ड हुआ है। करीब 2 हजार नए किसानों का पंजीयन हुआ है। समितियों में अब भी धान बेचने पंजीयन का काम चल रहा है। खाद्य निरीक्षक नरेश पीपरे ने बताया कि जिले में धान खरीदी को लेकर तैयारी चल रही है। समितियों में किसानों का पंजीयन चल रहा है।
 


अन्य पोस्ट