धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 अक्टूबर। चलती कार के सामने एक मवेशी आ गई, इस वजह से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में छत्तीसगढ़ी नाचा कार्यक्रम देखकर घर लौटते कार सवार 6 लोग सडक़ हादसे का शिकार हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए गुरूर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां से धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया। एक घायल बच्ची को रायपुर रेफर किया है।
अस्पताल पुलिस चौकी के अनुसार दर्रा निवासी 6 लोग छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम देखने 8 अक्टूबर को धनोरा गए थे। रात करीब 2.30 बजे वापस लौट रहे थे। तभी गुरूर मार्ग में बटालियन के पास कार के सामने मवेशी आ गया, जिसे बचाने के कारण कार सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गई।
कार में सवार कुमारी बाई (40), योगेश विश्वकर्मा (45), महेश्वरी विश्वकर्मा (35), प्रेमलता विश्वकर्मा (27), उमेश विश्वकर्मा (20) और 9 साल की बच्ची पायल घायल हुई है। सभी घायलों को गुरूर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रात 3 बजे भर्ती कराई गई। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया। 5 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि बच्ची को रायपुर रेफर किया गया।


