धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 29 सितंबर। ग्राम भेंडसर में पोषण आहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद सभापति परमेश्वरी महेंद्र साहू ने ग्रामीण महिलाओं को घर में पोषक खाद्य पदार्थ बनाने की जानकारी देते हुए आंगनवाड़ी केन्द्रो में उपलब्ध पोषण आहार के उपयोग से मां और बच्चों को कुपोषण से दूर रखने का आह्वान किया।
शनिवार को कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन भेंडसर में आयोजित पोषण आहार कार्यक्रम में गाँव की सभी शिशुवती, गर्भवती महिलाओं एवं पालकों को आमंत्रित किया गया। जिसमें जनपद सभापति परमेश्वरी महेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ को कुपोषण के कलंक से मुक्त कराने सभी से भागीदारी निभाने की बात कही।
आयुष विभाग से डॉ. प्रवीण चंद्राकर ने गर्भवस्था में महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने की सलाह देते हुए गर्भ संस्कार के विषय में विस्तार से जानकारी दी। पर्यवेक्षक नीता वर्मा ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध विविध प्रकार के खाद्य पदार्थ के विषय में बता स्थानीय फल सब्जी का अधिक से अधिक उपयोग करने की समझाइश दी।
योग शिक्षक परशुराम निर्मलकर ने गर्भावस्था के दौरान किए जाने वाले ध्यान योग की जानकारी देते हुए गर्भवतियों को नियमित योगा करने प्रेरित किया। गया इस अवसर पर सरपंच खिलावन पाल, भारत साहू, रविंद्र सेन, उत्तरा बाई, ममता ध्रुव, दुर्गा साहू, गीतांजलि, जमुना साहू, कमलेश मिश्रा, शारदा ध्रुव, निलम साहू आदि उपस्थित थे।


