धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 25 सितंबर। जिले में 1 जून से अब तक 1004.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। 25 सितंबर को दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा। जिले के कई तहसील में वर्षा दर्ज की गई। सुबह से धूप निकली थी, जिससे गर्मी और उमस से लोग परेशान होते रहे। धूप की वजह से दोपहर में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री तक पहुंच गया था।
इधर, अच्छी बारिश से खेती के लिए इस साल की स्थिति ठीक है। किसान खुश हैं। खेतों में हरियाली बिछी हुई है। फसलें लहलहा रही हैं। मानसून इस साल मेहरबान रहा है, लेकिन बीते वर्षों की तुलना में कम।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार धमतरी तहसील में 979.5 मिमी, कुरूद तहसील में 864.4 मिमी, मगरलोड में 767 मिमी, नगरी तहसील में 1263.8 मिमी, भखारा में 790.8 मिमी, कुकरेल तहसील में 1074.8 मिमी और बेलरगांव तहसील में 1289.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई।
जिले में आज की औसत वर्षा 14 मिमी दर्ज की गई है। इसमें धमतरी तहसील में 12.7 मिमी, कुरूद तहसील में 16.8 मिमी, मगरलोड में 8.8 मिमी, नगरी में 19.1 मिमी, भखारा में 12.9 मिमी, कुकरेल तहसील में 8 मिमी और बेलरगांव तहसील में 20 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
25 से 27 सितंबर के बीच बारिश का अनुमान: मानसून सिस्टम के कारण रायपुर संभाग में 25 से 27 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बन रही है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिमी राजस्थान के कुछ भाग और कच्छ से सोमवार को विदा हो चुका है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से अगले कुछ दिन धमतरी समेत प्रदेश में वर्षा का अनुमान है।