धमतरी

कुरुद क्षेत्र में ओबीसी सर्वे का काम तकरीबन पूरा
24-Sep-2024 3:32 PM
कुरुद क्षेत्र में ओबीसी सर्वे  का काम तकरीबन पूरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कुरुद, 24 सितंबर।
विकासखंड कुरुद में ओबीसी सर्वे कराने प्रशासन ने पूरा जोर लगाया। जिसके चलते नगर पंचायत कुरुद, भखारा, जनपद पंचायत कुरुद एवं मगरलोड में सर्वे का काम लगभग पूरा हो चुका है। विधानसभा की मतदाता सूची के आधार पर होने वाले सर्वे में शहरी क्षेत्र में लोगों को ढूंढने में परेशानी का सामना करना पड़ा। शुरू में बीएलओ के रुठने मनाने के बीच संबंधित विभाग ने अपने कर्मचारियों के भरोसे सर्वे का काम पूरा कराया। 

ज्ञात हो कि नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव से पूर्व आरक्षण की स्थिति साफ़ करने के उद्देश्य से 20 अगस्त से ओबीसी सर्वे का काम शुरू किया गया। शुरुआत में बीएलओ ने इस काम से दूरी बना ली थी, मजबूरन निकाय, पंचायत, महिला बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व विभाग के कर्मचारियों को इस काम में लगाया गया। सर्वे के दौरान परिवार में सदस्यों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, आय, मकान, दुकान, खेत खलिहान, मोटर गाड़ी, पेयजल, शौचालय आदि की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में ली जा रही है। चार पन्ने के फार्मेट में मांगी गई जानकारी जुटाने ओबीसी परिवार का सर्वेक्षण करने कर्मचारी लोगों के घर जा रहे हैं।

एसडीएम एवं समन्वयक डीडी मंडावी ने ओबीसी सर्वे में जुटे अधिकारी,कर्मचारियों को 25 सितंबर से पहले सर्वे पूरा के निर्देश दिया है। बताया गया है कि 2011 में हुई जनगणना के आधार पर विधानसभा चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूची के आधार पर ओबीसी सर्वे कराया जा रहा है। जिसमें सर्वेयरों को पलायन, मृत्यु, जाति, सही पता, एससी एसटी, प्रवासी नागरिकों की पहचान करने में काफी दिक्कतें आई। इसके बावजूद सर्वे का काम संतोषप्रद माना जा सकता है। 

सहायक नोडल अधिकारी तहसीलदार दुर्गा साहू ने माना कि बीएलओ की वजह से शुरू में थोड़ी परेशानी हुईं, लेकिन नियमित समीक्षा कर काम में गति लाई गई। 
कुरुद जनपद सीईओ बीआर वर्मा ने बताया कि 108 गाँव में 52626 परिवारों का सर्वे करना था, जिसमें से 24 सितम्बर तक 50212 का हो गया है। 
शेष 2414 लोगों में से पलायन, मृत्यु जैसे अन्य कारणों से संपर्क नहीं हो सका। इसके बावजूद 92 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है।

नगर पंचायत कुरुद सीएमओ महेन्द्रराज गुप्ता ने बताया कि नगर के सभी15 वार्डों में घर घर जाकर 2314 परिवारों में से 2268 का सर्वे हो गया है, गलत पता, पलायन एवं मृत्यु की वजह से 46 लोगों का पता नहीं लगाया जा सका। इस  तरह हमने सर्वे का काम 99 फीसदी पूरा कर लिया है। इसी तरह नगर पंचायत भखारा में 92.43 प्रतिशत एवं मगरलोड जनपद में ओबीसी सर्वे का काम 77.52 फीसदी पूरा हुआ है।

ज्ञात हो कि शासन ने सर्वे की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की है।
 


अन्य पोस्ट