धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 19 सितंबर। विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के तौर पर पहचाने जाने वाली भारतीय जनता पार्टी इन दिनों सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को और विस्तार देने का अभियान चला रही है। जिसमें पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता दिन रात एक कर लक्ष्य साधना में लगे हैं। कम समय में टारगेट क्रास पूरा करने वाले सिवनीकला ने धमतरी जिला का पहला ग्राम होने का गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि पर विधायक अजय चन्द्राकर ने बधाई दी है।
कुरुद विधानसभा क्षेत्रांर्तगत आयुर्वेद ग्राम सिवनीकला में बूथ क्रमांक 46 और 47 को मिलाकर 1021 लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया गया है। जबकि पार्टी ने प्रत्येक बूथ में 500 सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया था। जिसे सिवनीकला प्रभारी टकेश्वर चंद्राकर सह प्रभारी थानेश्वर तारक व पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने महज 12 दिन में ही पूरा कर दिखाया।
इन दोनों बूथों की जिम्मेदारी सम्हाल रहे टकेश्वर दाऊ, युवा सरपंच थानेश्वर साहू ने बताया कि यह सब विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन व दिशा निर्देश से ही संभव हो पाया है। पूर्व मंत्री की विकास परक सोच और क्षेत्रीय विकास के लिए उनकी दूरदृष्टि से प्रभावित होकर लोग स्वस्फुर्त ही भाजपा की सदस्यता ले खुद को उनके साथ जोड रहे हैं। यही वजह है कि हमने बहुत कम समय में दोनों बूथों को मिलाकर 1021 व्यक्तियों को भाजपा का मेंबरशिप दिला धमतरी जिला में टारगेट क्रास करने वाला पहला गांव होने का गौरव हासिल किया है।
सदस्यता अभियान को सफल बनाने में विशेष तौर पर सुशील साहू, विक्रम साहू, चंद्र प्रकाश साहू, केवल चंद्राकर, टेकराम साहू, गिरधर निर्मलकर, दीपदान साहू, खिलावन चंद्राकर, कपिल पटेल, कुंजीलाल साहू, दिलेंद्र यादव, पुरुषोत्तम, बालाराम पटेल, सुरेश साहू, सुरेश हिरवानी, लोमश साहू, भागी निर्मलकर, शीतल साहू, निर्मल पाल, मिनी निर्मलकर आदि का योगदान अहम रहा। बुधवार को प्रभारी दाऊ एवं सह प्रभारी ने जिला उपाध्यक्ष गौकरण साहू व मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र साहू को सदस्यता सबंधी रजिस्टर व फॉर्म सौंपा। इस बात की खबर लगते ही विधायक श्री चंद्राकर ने संबंधित पक्ष को बधाई देते हुए उनकी पीठ थपथपाई।