धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 9 सितंबर। धमतरी जिले में आदिवासी युवाओं व्दारा केबीकेएस कोया ब्लड बैंक एवं हैल्थ विंग जिला शाखा-धमतरी के तत्वाधान में रविवार को स्वतंत्रता सेनानी स्व.श्यामलाल सोम सिविल अस्पताल नगरी में कोया ब्लड बैंक के 10,000 ब्लड यूनिट पूर्ण होने के अवसर पर विंग की ओर से सिविल अस्पताल नगरी में मरीजों को फल एवं स्वल्पाहार वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
केबीकेएस कोया ब्लड बैंक एवं हेल्थ विंग के जिला प्रभारी ने बताया कि 2005 से निरंतर इस विंग द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों तथा अन्य राज्यों में इसकी शाखाएं मानवता की रक्षा के लिए रक्तदान देकर हजारों लोगों का जान बचाने का कार्य कर रहा है, जो सतत जारी है।
ब्लड बैंक में 23 बार रक्तदान दे चुके रोहित कोमरे ने इस अवसर पर लोगों को रक्तदान करने हेतु युवाओं तथा आम लोगों से रक्तदान करने अपील किया वहीं, 20 दफा ब्लड डोनेट कर चुके रामानंद मरकाम ने बताया कि हमारे क्षेत्र के कई लोग धमतरी, नगरी या अन्य अस्पतालों में खून के लिए भटकते रहते हैं जिसे सही समय पर ब्लड नहीं मिल पाता उन्हें सतत कोया ब्लड बैंक के माध्यम से सुविधा मिल जाता है।
19 बार ब्लड दिए पोखन नेताम ने भी इस दौरान बताया कि क्षेत्र के युवा ब्लड डोनेट के लिए हिचकिचाते हैं पर अब थोड़ा जागरूकता आया है और लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं। साथ ही ब्लड डोनरों को प्रणाम पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। वहीं कुछ युवा साथियों द्वारा ब्लड भी डोनेट किया गया।


