धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 सितंबर। सामान लेकर जगदलपुर जाते समय देर रात ट्रक ड्राइवर को नींद आई। पुरूर पेट्रोल पंप स्थित सडक़ किनारे गाड़ी खड़ी कर नीचे ड्राइवर व कंडक्टर सो गए। इसी बीच सांप ने ड्राइवर को डस लिया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल धमतरी लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल पुलिस चौकी के मुताबिक भिलाई निवासी वाहन मालिक फंटू सिंह (32) खुद का ट्रक चलाता था। 5 सितंबर को कंडक्टर रमेश तनेजा के साथ जगदलपुर सामान छोडऩे जा रहा था। रास्ते में नींद आई तो दोनों पुरूर के पास एक पेट्रोल पंप के सामने ट्रक खड़ा कर उसके नीचे ही सो गए। सुबह होने पर चालक फंटू सिंह को बेचैनी महसूस हुई। उसे गुरूर स्थित सामुदायिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां सर्पदंश की आशंका पर गंभीर हालत में सुबह 10 बजे जिला अस्पताल धमतरी लाया गया। इलाज के दौरान दोपहर 12 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।


