धमतरी

घर-घर विराजे गजानन
07-Sep-2024 3:43 PM
घर-घर विराजे गजानन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 सितंबर।
गणेश चतुर्थी पर शनिवार को भगवान गणेश की प्रतिमाओं की धूमधाम से स्थापना की गई। घर-घर में लोगों ने गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की। सार्वजनिक पंडालों पर गणेशोत्सव समितियों ने आतिशबाजी व बैंड-बाजे के साथ गणपति प्रतिमाओं को स्थापित किया। दिनभर लोग अपनी सुविधा से प्रतिमाएं ले जाते रहे। शहर में अगले 11 दिन तक अब गणेशोत्सव की धूम रहेगी। 

गणेशोत्सव का सिलसिला शहर समेत अंचल में 11 दिनों तक चलता रहेगा। इस दौरान सांस्कृतिक-धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। शहर की कुछ समितियों ने रायपुर, दुर्ग जिले के थनौद, माना कैंप से भी गणेश की मूर्तियां मंगवाई हैं। 
 

शुभ मुहूर्त में की स्थापना
गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेशोत्सव समितियों ने पंडालों पर और लोगों ने घरों में शुभ मुहूर्त पर गणेश की प्रतिमा स्थापित की। विघ्नहर्ता की मूर्तियों को बाजे-गाजे के साथ स्थापना स्थल लाया गया। यहां पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा स्थापित की। नगर के चौक-चौराहों पर पंडाल लगाकर आकर्षण लाइटिंग की गई है।
 

सिद्धि विनायक मंदिर में 
हुआ अखंड जलाभिषेक

शहर के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में 24 घंटे का अखंड जलाभिषेक हुआ। यहां जलाभिषेक का 33वां साल है। मंदिर 101 साल पुराना है। आचार्य पं होमन प्रसाद शास्त्री ने बताया कि मंदिर समिति का गठन 1932 में हुआ है। इसके पहले ही मठ मंदिर के पास भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित है। मंदिर का जीर्णोद्धार साल 1992 में हुआ तब से जन कल्याणार्थ के लिए सिद्धि विनायक मंदिर में भगवान का जलाभिषेक हो रहा है। आज सुबह 10 बजे के बाद हवन-पूजन हुआ। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। 

 


अन्य पोस्ट