धमतरी

स्वच्छता तथा अन्य मापदंडों का पालन करने वाली पंडाल समिति को निगम करेगी पुरस्कृत
05-Sep-2024 4:26 PM
स्वच्छता तथा अन्य मापदंडों का पालन करने वाली पंडाल समिति को निगम करेगी पुरस्कृत

 गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 5 सितंबर। शहर में गणेशोत्सव को देखते हुए शांति समिति की बैठक 4 सितंबर को हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्सव के दौरान डीजे के डेसीबल को लेकर तय मानकों का गणेशोत्सव समितियों से पालन करने की अपील की। नगर निगम की ओर से स्वच्छता व अन्य मापदंडों का पालन करने वाले उत्सव समितियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

शांति समिति की बैठक में नगर निगम कमिश्नर विनय पोयाम, एसडीएम विभोर अग्रवाल, डीएसपी नेहा पवार, उपायुक्त पीसी सार्वा, थाना प्रभारी राजेश मरई समेत गणेश उत्सव समितियों के कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक में गणेश उत्सव समिति के सदस्यों को गणेश पंडाल में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की। साउंड सिस्टम व डीजे का उपयोग करते समय पूर्व तथा समय को निर्धारित करते हुए न्यायालय के निर्देश पर निर्धारित डेसीबल के मुताबिक कम करने तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की बात कही।

गली-मोहल्ले में ट्रैफिक अवरुद्ध न हो, इसका खासा ध्यान रखने के लिए कहा गया। गणेश पंडाल के पीछे वाली जगह पर धार्मिक स्थल के आसपास दूसरे धर्म के लोगों को अवरुद्ध न हो इसका ध्यान रखने कहा गया है। रात 10 बजे के बाद पंडाल में कोई असमाजिक गतिविधि न हो तथा पंडाल साफ-सुथरा व स्वच्छता हो इसका विशेष पालन करने वाले पंडाल वालों को नगर निगम द्वारा पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है।

पीओपी की मूर्तियां रहेंगी प्रतिबंधित

नगर निगम का कचरा गाड़ी रोज पंडाल के पास भेजने, पीओपी मूर्ति पर पूरी तरह से प्रतिबंध रखने से संबंधित निर्देशों का कड़ाई से पालन करने समझाइश दी गई। सभी पंडाल संचालक से कहा गया कि सफाई वाहन को अपशिष्ट दें ताकि कचरा इधर-उधर न बिखरे। कंट्रोल रूम व थाने का नंबर दिया गया। साथ ही विसर्जन पूर्व अलग से मीटिंग रखने अवगत किया गया।


अन्य पोस्ट