धमतरी

15 फीट ऊंचे, ढाई टन वजनी होंगे ‘धमतरी के राजा’ भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा
03-Sep-2024 3:26 PM
15 फीट ऊंचे, ढाई टन वजनी होंगे ‘धमतरी के राजा’ भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा

 गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर, अयोध्या के राम मंदिर के साथ श्रीराम दरबार की सजा रही झांकी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 3 सितंबर। आगामी 7 सितंबर को 11 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरूआत होगी। गणेश चतुर्थी को महज 5 दिन बाकी है। जिलेभर में गणेशोत्सव समिति के युवा जगह-जगह आकर्षक और भव्य पंडाल सजाने में जुटे हंै।  शहर में विभिन्न समितियां नयनाभिराम झांकियां सजाने में जुटी हैं। इस साल अधिकांश समितियों की ओर से अयोध्या में श्रीराम लला को समर्पित करते श्री राम दरबार की झांकी बनाई जा रही है।

शास्त्री चौक गणेशोत्सव समिति ने भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा ‘धमतरी का राजा’ बैठाते हुए 16 साल पूरे कर लिए हैं। इस साल समिति द्वारा 15 फीट ऊंचे भगवान श्रीगणेश की आकर्षक और भव्य प्रतिमा बनवा रही है।

 शास्त्री चौक गणेशोत्सव समिति के अध्यक्ष सचिन शर्मा ने बताया कि धमतरी का राजा भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा राजनांदगांव स्थित थनौद में बन रहा है, जिसे मूर्तिकार बालम चक्रधारी स्वयं बना रहे है। धमतरी का राजा भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा इस साल गुरुद्वारा गली पर अमर टॉकीज के खाली जमीन पर बैठेगी। करीब 90 फीट एरिया में आकर्षक पंडाल समिति द्वारा बनवाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि धमतरी के कारीगर रंग-बिरंगे लाइट से पंडाल को सजाने में जुटे हैं। गणेश जी की प्रतिमा करीब ढाई टन वजनी और लागत 1.25 लाख रुपए है। मूर्ति थनौद से 5 सितंबर को लाई जाएगी। पंडाल में रखने के बाद मंच सहित पंडाल स्थल की साज-सज्जा होगी।  

शास्त्री चौक गणेशोत्सव समिति का गठन 16 साल पहले 2008 में हुई है। समिति के अध्यक्ष सचिन शर्मा है। 4 लोगों ने समिति बनाई। धमतरी का राजा के नाम से प्रसिद्ध श्रीगणेश की प्रतिमा हर साल बैठा रहे है। कोरोनाकाल में 2 साल मूर्ति न बैठकर खर्च होने वाली राशि अनाथालय के अलावा जरूरत मंदों में बांटी थी।

 समिति में अब वर्तमान में कुल 25 सक्रिय सदस्य है। इनमें संरक्षक विशाल शर्मा, राजेश शर्मा, चेतन प्रकाश हिंदुजा, निलेश जैन हैं। साथ ही सदस्य अपूर्व जैन, सिद्धार्थ लुंकड, सनी ग्वाल, आयुष लुनावत, शुभम लुंकड, चिराग तन्ना, प्रिंस लुंकड, पंकज ललवानी, दर्शन जैन, अंशुल महावार, बुधादित्य तिवारी, अंकित मिश्रा, अभिषेक अग्रवाल, अनमोल बोधवानी, प्रजय महावार, प्रतीक मुंजवानी, पीयूष गांधी, मेहुल मिन्नी, शुभम मिन्नी, आदित्य चौबे हैं। सभी सदस्य तैयारी में जुटे हैं।

तालाब के अंदर रामलला

स्वरूप में दर्शन देंगे श्रीगणेश

आमापारा के बनिया तालाब का गणेशोत्सव हर साल सबसे अलग और हटकर रहेगा। सत्यम गणेशोत्सव समिति के कार्यकर्ता शैलेन्द्र नाग, पिंटू ध्रुव, विकास साहू ने बताया कि इस साल नगर की आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी मंदिर का स्वरूप बनाया जा रहा है, जिसमें अयोध्या के श्रीराम के स्वरूप में भगवान श्रीगणेश विराजेंगे। तालाब के अंदर करीब 100 फीट का रास्ता बनाने का काम अंतिम चरण में है। 17वें वर्ष के गणेशोत्सव को यादगार बनाने जोरों से तैयारियां चल रही हैं। आमापारा चौक में श्रीराम मंदिर बालकला मंदिर समिति द्वारा श्रीराम मंदिर की झांकी सजाई जा रही है। अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर श्री रामलला का दर्शन कराए जाएंगे।

1.50 लाख तक की मूर्ति बन रही

मूर्तिकार दिन-रात मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मूर्तिकारों के मुताबिक इस बार गणेश पर्व के लिए 500 रुपए से लेकर 1.50 लाख रुपए तक की मूर्तियां तैयार हो रही हैं। 7 सितंबर को गणेशजी की स्थापना होगी, इसके 2 दिन पहले से प्रतिमा ले जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इंडोर स्टेडियम में त्रिमूर्ति गणेश, पीजी कॉलेज रोड में भगवान पशुपति नाथ तथा रिसाई पारा में भगवान श्रीगणेश को जगन्नाथ भगवान की मुद्रा में दिखाया जाएगा।


अन्य पोस्ट