धमतरी

जख्मी तेंदुआ शौचालय में घुसा, 3 घंटे में पिंजरे में कैद
02-Sep-2024 1:21 PM
जख्मी तेंदुआ शौचालय में घुसा, 3 घंटे में पिंजरे में कैद

 जंगल सफारी में इलाज 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
धमतरी, 2 सितंबर।
धमतरी जिले के मगरलोड के परसाबुड़ा के कमार डेरा में तेंदुआ एक सितंबर को पहुंचा। मादा तेंदुआ घायल अवस्था में जंगल से बाहर आई थी। सिर में गंभीर चोट था। 
जंगल सफारी रायपुर से पहुंचे डॉ. राकेश वर्मा ने डीएफओ की मौजूदगी में घायल तेंदुए को ट्रेंकुलाइजर गन से बेहोश किया। करीब 3 घंटे की मशक्कत बाद पिंजरे में कैद हुआ। जंगल सफारी रायपुर में इलाज जारी है। 
वन विभाग के मुताबिक परसाबुड़ा कमार डेरा निवासी भूषण कमार के घर शौचालय में तेंदुआ बैठा था। उन्होंने शौचालय का दरवाजा बंद किया। इसकी जानकारी वन विभाग को मिली। 

डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव समेत वन विभाग के अन्य अफसर, मैदानी टीम मौके पर पहुंचे। तेंदुए को देखा तो सिर में गंभीर चोट था। रेस्क्यू के लिए रायपुर जंगल सफारी से टीम बुलाई गई। वन विभाग ने तेंदुए को कैद करने पिंजरे, जाली समेत अन्य संसाधन जुटाए। 

वन विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से ग्रामीणों को करीब 500 मीटर दूर तक हटाया। घरों के दरवाजे, खिड़कियों को बंद कराया।
जंगल सफारी से आए पशु चिकित्सक डॉ. राकेश वर्मा ने ट्रेंकुलाइजर गन से पहले ही शॉर्ट में निशान लगाकर बेहोश किया। पिंजरे में कैद करने के साथ ही इलाज शुरू किया गया। 
 

 


अन्य पोस्ट