धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 31 अगस्त। गंगरेल बांध देखने पहुंचे लोग हादसे का शिकार हो गए। सडक़ हादसे में 8 लोग घायल हुए। सभी गंगरेल से वापस घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा कि पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में घायलों को यातायात पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। सभी घायल खतरे से बाहर है।
धमतरी के गंगरेल बांध स्थित अंगारमोती धाम में शुक्रवार व रविवार को छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों से गंगरेल बांध देखने पहुंचते हैं। साथ ही अपनी मनोकामना पूर्ण करने के लिए माता अंगारमोती मंदिर में तांता लगता है, लेकिन गंगरेल रोड में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
गंगरेल बांध पिकनिक मनाने के लिए लोग पाटन से पहुंचे थे। अपने घर वापस लौट रहे थे, गंगरेल बांध से कुछ ही दूर डांगीमाचा के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप में सवार लोग करीब 50 मीटर दूर तक फेंका गए, जिसमें 8 लोग घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, तत्काल मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को पुलिस की गाड़ी में बैठा कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में डोमेन्द्र कुमार वर्मा, सत्यजीत, रामेश्वर, गोवर्धन, घंसिया राम, मुकेश कुमार साहू, संतोष गोंड़, प्रभु साहू शामिल हैं, जिनका इलाज अभी भी जिला अस्पताल में जारी है।


