धमतरी

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 26 को, कलेक्टर ने ली बैठक
21-Aug-2024 2:25 PM
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 26 को, कलेक्टर ने ली बैठक

शांति समिति की बैठक करने निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 21 अगस्त।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 26 अगस्त को मनाई जाएगी। इसके मद्देनजर शांति समिति की बैठक पर्व के पहले कर तैयारी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही कोलाहल अधिनियम का पालन कराने भी कहा गया है। उल्लंघन करने पर कार्रवाई के निर्देश समय सीमा की बैठक में कलेक्टर नम्रता गांधी ने अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर्व के पहले शांति समिति की बैठक कर लें, साथ ही विशेष रूप से ध्यान रखें कि कोलाहल अधिनियम का उल्लंघन न हो। बैठक में मुख्यमंत्री व कलेक्टर जनदर्शन, समय सीमा के लंबित प्रकरणों की बारी-बारी से विभागवार समीक्षा की। मुख्यमंत्री जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने कहा है। जनदर्शन में मिले आवेदनों का निराकरण एक सप्ताह के अंदर करने निर्देश दिए। इसकी मॉनिटरिंग राज्य स्तर पर की जाएगी। उन्होंने आवारा पशुओं को सडक़ों से हटाने संबंधित कार्रवाई की जानकारी ली। लगातार कार्रवाई करने कहा है। इसके अलावा जिले के सभी ब्लॉकों में अवैध डायवर्सन के प्रकरण और उसके खिलाफ किए कार्रवाई की जानकारी ली। 

कृषि विभाग की समीक्षा कर फसल चक्र परिवर्तन में एसडीएम, पटवारी और राजस्व अमले को शामिल करने कहा है। साथ ही रबी सीजन के लिए आवश्यक बीज की जानकारी ली। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड में प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर जिपं सीईओ रोमा श्रीवास्तव, डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम आदि उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट